रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महाराजगंज

Maharajganj News:रोजगार सेवकों के कार्य बहिष्कार से वीबी-जीरामजी योजना ठप, मजदूरों की रोजी-रोटी पर संकट – Vb-jiramji Scheme Comes To A Standstill Due To Work Boycott By Employment Assistants; Livelihoods Of Laborers At Risk

November 24, 2026


महराजगंज। जिले में वीबी-जीरामजी योजना का काम रोजगार सेवकों के कार्य बहिष्कार के चलते प्रभावित हो गया है। 60 दिन की निर्धारित छुट्टी के बाद 21 नवंबर से काम शुरू होना था लेकिन रोजगार सेवकों की हड़ताल के कारण ग्राम पंचायतों में कामकाज शुरू नहीं हो सका। इससे रोजगार की आस लगाए ग्रामीण मजदूरों को निराशा हाथ लगी। हालांकि, विभाग ने अब वैकल्पिक व्यवस्था के तहत 24 नवंबर से काम शुरू कराने की तैयारी की है।

योजना के तहत वर्ष में 60 दिन का अवकाश निर्धारित है, जो 20-20 दिन के तीन चरणों में दिया जाता है। इस बार एक से 20 नवंबर तक अवकाश रहा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 नवंबर से कार्य शुरू होना था, लेकिन रोजगार सेवकों के कार्य बहिष्कार के कारण मजदूरों की मांग दर्ज करने, मस्टररोल जारी करने और कार्यस्थलों पर हाजिरी लगाने की प्रक्रिया प्रभावित हो गई।

जिले में वीबी-जीरामजी योजना के तहत करीब दो लाख कामगार पंजीकृत हैं। इनमें बड़ी संख्या में खेतिहर मजदूर, महिला श्रमिक और भूमिहीन परिवार शामिल हैं। योजना के तहत काम नहीं मिलने से इन परिवारों की आय प्रभावित हो रही है। कई ग्राम पंचायतों में मजदूर काम की मांग लेकर सचिवालय पहुंच रहे हैं, लेकिन उनकी मांग दर्ज करने की व्यवस्था नहीं हो पा रही है।

ग्राम रोजगार सेवक योजना के संचालन में अहम भूमिका निभाते हैं। वे मजदूरों की मांग दर्ज करने, जॉब कार्ड धारकों का पंजीकरण कराने, मस्टररोल जारी कराने और कार्यस्थल पर हाजिरी सुनिश्चित करने का काम करते हैं। भुगतान की प्रक्रिया में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में उनके कार्य बहिष्कार से पूरी व्यवस्था प्रभावित हुई है।

महिला मेट और पंचायत सहायकों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जिम्मेदारी सौंपी गई है। रोजगार सेवकों के स्थान पर अब यही कर्मचारी योजना से जुड़े कार्यों का संचालन करेंगे। 24 नवंबर से सभी विकास खंडों में पहले से जारी मस्टररोल के आधार पर काम शुरू कराया जाएगा।

मानवेंद्र सिंह, उपायुक्त वीबी-जीरामजी

उपायुक्त की ओर से रिपोर्ट मिली है। 24 नवंबर से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत योजना के कार्य शुरू होंगे। रोजगार सेवकों का कार्य बहिष्कार शुरू करने का समय उचित नहीं था। इससे शासन की मंशा के अनुरूप योजना के संचालन में बाधा आई है।

महेंद्र कुमार सिंह, सीडीओ, महराजगंज।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X