Maharajganj News:बदहाल निचलौल-बहुआर जंगल मार्ग के चौड़ीकरण की मांग – Demand For Widening Of The Dilapidated Nichlaul-bahuar Forest Road
निचलौल। निचलौल से बहुआर गांव को जोड़ने वाला जंगल मार्ग वर्षों से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। समस्या को लेकर ग्रामसभा धेशो के ग्रामीणों ने केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को शिकायती पत्र सौंपकर सड़क के चौड़ीकरण और आरसीसी ढलाई कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख रास्ता है। स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और व्यापार के सिलसिले में लोगों को इसी मार्ग से निचलौल आना-जाना पड़ता है। सड़क की बदहाली से छात्र-छात्राओं, महिलाओं, बच्चों और व्यापारियों को सबसे अधिक परेशानी होती है। बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से कई बच्चे गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, समस्या के समाधान के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मार्ग का चौड़ीकरण कर आरसीसी ढलाई कराने की मांग की है।
शिकायती पत्र देने वालों में शैलेश तिवारी, बृजेश तिवारी, मोहन यादव, मंजेश गौंड, छेदी कुशवाहा, राजू निषाद और सुभाष कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
