रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

Muzaffarnagar News:कांग्रेस का हाथ पकड़कर सीटें नहीं छोड़ना चाहती सपा – Sp Does Not Want To Give Up Seats By Holding The Hand Of Congress

November 24, 2026


मुजफ्फरनगर। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सपा-कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग के लिए हुई बैठक में कोई नतीजा नहीं निकला। सहारनपुर मंडल की बात करें तो सपा के रणनीतिकारों ने कांग्रेस के लिए सिर्फ एक सीट का फार्मूला तैयार किया है। वर्ष 2022 के चुनावी नतीजों को आधार बनाकर मुजफ्फरनगर और शामली में सपा एक भी सीट कांग्रेस को नहीं देना चाहती। सहारनपुर से सदर या फिर गंगोह का विकल्प कांग्रेस के लिए खुला रखा गया है।

दिल्ली में हुई बैठक के बाद पश्चिम उत्तर प्रदेश में नई सियासी बहस छिड़ गई है। सपा और कांग्रेस के रणनीतिकारों ने अपने-अपने दावे और गणित रखा। पहले चरण वाले सहारनपुर मंडल के लिए सपा ने खास तैयारी की थी।

वर्ष 2022 के विधानसभा और फिर 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों और प्रत्याशियों को मिले वोट को आधार बनाकर दोनों दल एक-दूसरे के सामने अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। मुजफ्फरनगर और शामली में सपा ने एक भी सीट देने से इन्कार कर दिया है। इसकी वजह पिछले चुनाव में हारी हुई सीटों पर भी मजबूत प्रदर्शन माना जा रहा है।

————

मुस्लिम वोटों का ध्रुवीकरण नहीं चाहती सपा

सीट शेयरिंग से लेकर हिस्सेदारी तक सपा मुस्लिम वोट बैंक को सहेजकर रखना चाहती है। यही वजह है कि कांग्रेस ने सांसद इमरान मसूद को बातचीत में शामिल किया तो सपा ने कैराना की सांसद इकरा हसन को दायित्व दिया। सहारनपुर मंडल में मुस्लिम मतों को सहेजकर रखने के लिए दोनों दलों ने अपने-अपने तीर चलाए हैं।

——–

जनपद में कांग्रेस को 2022 में मिले वोट

प्रत्याशी/विधानसभा वोट

देवेंद्र कुमार/बुढ़ाना 2452

यासमीन/चरथावल 965

दीपक कुमार/पुरकाजी 1762

सुबोध शर्मा/मुजफ्फरनगर 1694

गौरव भाटी/खतौली 1209

जमील अहमद/मीरापुर 1258

————

बघरा से पंकज चुने गए आखिरी विधायक

सियासत में उतार-चढ़ाव जारी है। कांग्रेस के आखिरी विधायक 2007 के चुनाव में बघरा सीट से पंकज मलिक चुने गए थे। मलिक ने 37649 वोट हासिल कर रालोद के योगेंद्र सिंह को हराया। रालोद के उम्मीदवार को 19840, सपा के उम्मीदवार मुकेश चौधरी को 12664, भाजपा के विजय कुमार को 18909 और बसपा के लोकेंद्र वर्मा को 19840 वोट हासिल हुए थे। इसके बाद परिसीमन हुआ और बघरा सीट खत्म हो गई।

—————

हम कोई सीट नहीं छोड़ना चाहते : जिया

सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने कहा कि वह जिले की एक भी सीट कांग्रेस को देने के पक्ष में नहीं है। इसकी वजह है वर्ष 2022 के नतीजे। सपा का प्रदर्शन कांग्रेस के प्रत्याशियों से बेहतर था, इसलिए सीट नहीं दी जानी चाहिए।

—————

हमारी तीन सीटों पर दावेदारी : कटारिया

कांग्रेस जिलाध्यक्ष सत्यपाल कटारिया ने कहा कि हमारी तीन सीटों पर दावेदारी है। पुरकाजी, सदर के अलावा एक सीट और दी जानी चाहिए। शीर्ष नेतृत्व ही इसके लिए बातचीत कर रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X