Ambala News:रिहायशी क्षेत्रों से एजेंसी की मदद से कचरा उठाने की तैयारी – Youth Arrested For Selling Liquor Illegally
– एक माह से ठप है निस्तारण, एजेंसी की जमीन को लेकर फंसा तकनीकी पेंच
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी क्षेत्र में नियमित कचरा उठान सुनिश्चित करने के लिए कैंटोनमेंट बोर्ड ने वैकल्पिक व्यवस्था पर काम शुरू कर दिया है। पिछले एक माह से कचरे के निस्तारण का काम रुका हुआ था। यह समस्या जमीन से जुड़े तकनीकी पेंच और न्यायालय में विचाराधीन मामले के कारण उत्पन्न हुई थी।
बोर्ड अभी अपने स्तर पर दूर-दराज के क्षेत्रों में गंदगी का निस्तारण करवा रहा है। अब सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए कैंटोनमेंट बोर्ड नगर परिषद की एजेंसी से संपर्क साधने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि समन्वय और अनुभवी एजेंसी की मदद से रिहायशी क्षेत्रों से कचरा उठाने की प्रक्रिया को बिना रुकावट आगे बढ़ाया जा सकेगा। कचरे को ठिकाने लगाने का काम भी सुचारु रूप से चलेगा।
नई कार्ययोजना के तहत व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए कचरे के एकत्रीकरण और निस्तारण के कार्यों को अलग-अलग किया जाएगा। सरकार द्वारा निर्धारित एजेंसी के माध्यम से यह काम कराया जाएगा। इससे किसी एक स्तर पर अड़चन आने के बावजूद स्थानीय स्तर पर सफाई सेवा प्रभावित नहीं होगी। कचरा उठान की सेवा भी सुचारु बनी रहेगी।
रहवासियों को मिलेगी राहत
कचरा निस्तारण रुकने से छावनी क्षेत्र के रहवासियों में चिंता थी। अब वैकल्पिक व्यवस्था से उन्हें गंदगी से बचाव की तैयारी दिख रही है। प्रशासन के इस कदम से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। मोहल्लों में साफ-सफाई का स्तर बेहतर होगा।
वर्जन
जल्द नगर परिषद के बीच संयुक्त बैठक प्रस्तावित है। बैठक में संबंधित एजेंसी के साथ विचार-विमर्श और मंत्रणा के बाद नया ठेका जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि क्षेत्र के नागरिकों को स्थायी और भरोसेमंद स्वच्छता सुविधा मिल सके।
– राहुल आनंद शर्मा, सीईओ, कैंटोनमेंट बोर्ड,अंबाला
