रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
करनाल

Karnal News:अवैध रूप से शराब बेचने का युवक काबू – Youth Arrested For Selling Liquor Illegally

November 24, 2026


अंबाला। कैंट पुलिस ने कच्चा बाजार क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से शराब व बीयर रखे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को एएसआई नरेश कुमार टीम के साथ गश्त पर थे। मुखबिर की सूचना पर चिड़ीमार मोहल्ला, कच्चा बाजार निवासी रिंकू के मकान पर दबिश दी गई। तलाशी में चार प्लास्टिक कट्टों से 29 बोतल बीयर, 25 बोतल अंग्रेजी शराब और 62 पव्वे बरामद हुए। आरोपी परमिट या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पुलिस ने सैंपल लेकर माल सील किया और ई-साक्ष्य एप पर वीडियो अपलोड की। आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद

विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, 4 पर प्राथमिकी

अंबाला सिटी। अतिरिक्त दहेज में कार और सोने की चेन की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने के आरोप में पुलिस ने पति समेत चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। रंजीत नगर निवासी पीड़िता ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि 17 मई 2019 को उसका विवाह जीरकपुर (मोहाली) निवासी अनिल कुमार से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अनिल, ससुर बाल किशन, सास और ननद कम दहेज के ताने देकर मारपीट करने लगे। संवाद

वाहन की टक्कर से एमबीबीएस के दो विद्यार्थी घायल

अंबाला। पड़ाव थाना क्षेत्र के तहत मोहड़ा चौकी इलाके में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से आदेश अस्पताल के दो एमबीबीएस विद्यार्थी गंभीर रूप से घायल हो गए। महेंद्रगढ़ निवासी हिमांशु सिंह ने पुलिस को बताया कि 21 नवंबर की रात करीब 8:25 बजे वह अपनी दोस्त हरसिमृत कौर सूरी के साथ एनडीआई प्लाजा से पैदल हॉस्टल लौट रहे थे। टाटा मोटर्स स्टाफ यार्ड के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल अवस्था में दोनों को आदेश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हरसिमृत को गंभीर हालत में मेदांता अस्पताल गुरुग्राम रेफर किया गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाना व चोट पहुंचाने की धारा 281 और 125 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद

क्वार्टर का ताला तोड़ एसी व सिलिंडर चोरी

साहा। केसरी रेलवे स्टेशन स्थित रेलवे क्वार्टर से अज्ञात चोरों ने कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के मोहड़ा निवासी शुभम कुमार केसरी स्टेशन पर कांटेवाला के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया कि 22 नवंबर की रात करीब 8 बजे वह स्टेशन पर ड्यूटी करने गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके रेलवे क्वार्टर नंबर 2/ए से विंडो एसी, इंडेन गैस सिलिंडर, आईफोन चार्जर, स्पीकर, रेलवे जूते, घड़ी, चश्मा, दो जैकेट और रेलवे आईडी समेत बैग चोरी कर लिया। जांच अधिकारी एसआई अजीत पाल ने बताया कि चोरी व सेंधमारी की धारा 305, 331(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X