रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बागेश्वर

Bageshwar News:जिला अस्पताल से तीन किमी पहले एंबुलेंस में कराया सुरक्षित प्रसव – Safe Delivery Conducted In An Ambulance Three Kilometers Before Reaching The District Hospital

November 24, 2026


बागेश्वर। गागरीगोल क्षेत्र के रियुनी गांव निवासी ममता देवी को देर रात प्रसव पीड़ा शुरू होने पर 108 एंबुलेंस की टीम ने जिला अस्पताल बागेश्वर पहुंचने से महज तीन किलोमीटर पहले ही एम्बुलेंस में सुरक्षित प्रसव कराया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और परिजनों ने 108 स्टाॅफ का आभार जताया है।

जानकारी के मुताबिक रात 11:54 बजे बैजनाथ की 108 एंबुलेंस को सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और महिला को बैजनाथ से रेफर कर जिला अस्पताल बागेश्वर के लिए रवाना हुई।

रास्ते में प्रसव पीड़ा तेज होने पर रात 1:04 बजे अस्पताल से करीब तीन किलोमीटर पहले ही ईएमटी भूपेंद्र और चालक महेश पंत ने सूझबूझ और तत्परता से सुरक्षित प्रसव कराया।

बताया गया कि ईएमटी भूपेंद्र ने अपने 108 सेवा के सफर में यह 29वां सुरक्षित प्रसव कराया है। जिले में कई मामलों में चर्चा में रहने वाली 108 एंबुलेंस सेवा ने आपात स्थितियों में तत्परता दिखाते हुए कई गर्भवतियों के सुरक्षित प्रसव कराए हैं। आंकड़ों के अनुसार साल 2026 में अब तक कुल 13 प्रसव 108 एंबुलेंस में हो चुके हैं।

एक तरफ जिले में एकमात्र महिला रोग विशेषज्ञ अवकाश पर हैं, ऐसे में विषम परिस्थितियों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली गर्भवतियों के लिए 108 सेवा किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X