Farrukhabad News:ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से पलटा ई-रिक्शा, किसान की मौत, पांच घायल – Farrukhabad News
कमालगंज। फतेहगढ़-गुरसहायगंज राज्य मार्ग पर गांव कतरौली पट्टी के पास ट्रैक्टर की सामने से टक्कर लगने के बाद बेकाबू ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत पांच लोगों के चोटें आईं। राहगीरों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चालक व महिला को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। परिवार के लोग ई-रिक्शा से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
थाना क्षेत्र के गांव खेरे नगला निवासी प्रमोद कुमार वर्मा (50) परिवार के साथ कन्नौज जिला के छिबरामऊ कोतवाली के अतरौली स्थित ननिहाल में रहते थे। मंगलवार शाम करीब पांच बजे अतरौली निवासी आदेश तिवारी (57) के ई-रिक्शा से प्रमोद अपनी पत्नी रेखा (49), पुत्री शबनम (9) व फर्रुखाबाद के साहवाबाग निवासी विवाहित पुत्री शिखा (28) पत्नी रामरहीश के साथ गांव पहुंचा।
यहां से शाम करीब सात बजे प्रमोद बड़े भाई वेदराम (58) व परिवार के साथ टड़ौआ निवासी साली राजकुमारी की ननद की शादी समारोह में शामिल होने ई-रिक्शा से ही खुदागंज स्थित गेस्ट हाउस जा रहा था। तभी रास्ते में कतरौली पट्टी के निकट गुरसहायगंज की ओर से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। हादसे में बेकाबू ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। इसमें प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि पत्नी रेखा, पुत्री शिखा, शबनम, भाई वेदराम व चालक आदेश घायल हो गया। राहगीरों ने ई-रिक्शा को सीधा कर घायलों को निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायल रेखा व चालक आदेश की हालत में सुधार न होने पर उन्हें लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जानकारी होने पर गांव से लोग अस्पताल पहुंच गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष दीपक त्रिवेदी मौके पर पहुंच गए। भाई वेदराम ने बताया कि करीब 12 वर्षों से प्रमोद ननिहाल में रहते थे। वहां वह खेती करते थे। प्रमोद के छह पुत्री शिखा, खुशबू, सलोनी, शोभा, शबनम, शिल्पी व एक पुत्र मोहित है।
थानाध्यक्ष दीपक त्रिवेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)

फोटो-39 घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त खड़ा ई-रिक्शा। संवाद

फोटो-39 घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त खड़ा ई-रिक्शा। संवाद
