रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
धन-दौलत नहीं, अंत समय में मनुष्य के साथ जाते हैं केवल कर्म :कंवर साहेब – It Is Not Wealth, But Only One Deeds That Accompany A Person At The End Of Life: Kanwar Saheb
भिवानी

धन-दौलत नहीं, अंत समय में मनुष्य के साथ जाते हैं केवल कर्म :कंवर साहेब – It Is Not Wealth, But Only One Deeds That Accompany A Person At The End Of Life: Kanwar Saheb

November 25, 2026


भिवानी। मनुष्य जीवनभर धन-संपत्ति जुटाने में लगा रहता है लेकिन अंत समय में उसके साथ केवल कर्म जाते हैं। इसलिए धन का अहंकार करने के बजाय उसका उपयोग परोपकार और मानव सेवा में करना चाहिए।

यह सत्संग वचन परमसंत सतगुरु कंवर साहेब महाराज ने मंगलवार को गुरु नानक देव की जयंती पर रोहतक रोड स्थित राधास्वामी आश्रम में साध संगत के समक्ष फरमाए। उन्होंने कहा कि महापुरुष संसार में जीवों के कल्याण और परमात्मा से बिछुड़ी आत्माओं को भक्ति मार्ग से जोड़ने के लिए देह धारण करते हैं। शरीर त्यागने के बाद भी उनकी शिक्षाओं और विचारों के माध्यम से परमार्थ का कार्य निरंतर चलता रहता है। इन शिक्षाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार आगे चलकर अलग मत और परंपरा का स्वरूप ले लेता है, गुरु नानक देव की शिक्षाओं से सिख पंथ की स्थापना इसका उदाहरण है।

महाराज ने कहा कि जिस भूमि पर महापुरुष प्रकट होते हैं, वह पवित्र हो जाती है और वहां की मिट्टी को श्रद्धालु युगों-युगों तक नमन करते हैं। गुरु नानक देव साक्षात कुल मालिक के अवतार थे जिन्होंने मानव कल्याण के लिए देश-विदेश में परमात्मा के नाम का प्रचार किया। उन्होंने जाति-पाति, धर्म और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का संदेश दिया। दूसरों की पीड़ा समझना, जरूरतमंदों की सहायता करना और मिल-बांटकर भोजन करना उनकी प्रमुख शिक्षाओं में शामिल था।

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने संगत और पंगत की परंपरा के माध्यम से समानता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। समाज में फैले पाखंड, अंधविश्वास और कुरीतियों को दूर करने के लिए उन्होंने लंबी यात्राएं कीं। इसी संदर्भ में कंवर साहेब महाराज ने कैरो देश के राजा का प्रसंग सुनाया। राजा के अत्याचारों और लूटपाट से उसकी प्रजा त्राहि-त्राहि कर रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर गुरु नानक देव वहां पहुंचे तो उनके आध्यात्मिक प्रभाव से प्रभावित होकर राजा ने उन्हें अपना गुरु बनाने की इच्छा जताई।

सुई के प्रसंग से समझाया धन-संपत्ति का मोह

गुरु नानक देव ने राजा को एक छोटी-सी सुई देते हुए कहा कि इसे संभालकर रखना और अगले जन्म में उन्हें लौटा देना। राजा ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि मृत्यु के बाद कोई भी वस्तु साथ नहीं ले जाई जा सकती। इस पर गुरु नानक देव ने समझाया कि जब एक छोटी-सी सुई अगले जन्म में साथ नहीं ले जा सकते तो अपार धन-दौलत, महल, खजाने और राज्य किसलिए इकट्ठा कर रहे हो। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने धन-संपत्ति के मोह से दूर रहकर परोपकार और मानव सेवा में जीवन लगाने की सीख दी। गुरु नानक देव की जयंती पर आयोजित सत्संग के अवसर पर साध संगत की ओर से 200 यूनिट रक्तदान भी किया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X