Kotdwar News:मृतका के परिजनों को दिया तीन लाख का मुआवजा, शेष सात लाख की राशि जल्द – Compensation Of Three Lakh Rupees Provided To The Family Of The Deceased; The Remaining Seven Lakh Rupees To Follow Soon
गुलदार के हमले में गई थी महिला की जान, शूटर और ट्रैंकुलाइज टीम तैनात
सनेह में फिर दिखाई दिया गुलदार, शाम होते ही घरों में दुबक रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी (फालोअप)
कोटद्वार। सनेह क्षेत्र के कोटड़ीढांग में गुलदार के हमले में जान गंवाने वाली महिला के परिजनों को सोमवार देर शाम को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने तीन लाख रुपये की मुआवजा राशि का चेक सौंपा। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि शेष सात लाख रुपये की धनराशि का चेक भी जल्द उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों के साथ पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर ढाढ़स बंधाया।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि गुलदार को पकड़ने के लिए वन विभाग की ओर से शूटर तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। शूटर के साथ ही कॉर्बेट और देहरादून से पहुंचे पशु चिकित्सकों की ट्रैंकुलाइज टीम भी तैनात की गई है। डीएफओ तरुण एस. ने बताया कि क्षेत्र में एक गुलदार सक्रिय है। इसी गुलदार ने तीन नवंबर की शाम को एक बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। सोमवार शाम को भी इसी गुलदार की क्षेत्र में सक्रियता दिखाई दी है। उधर, वन विभाग और पुलिस की टीम ने सोमवार देर शाम पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। मंगलवार सुबह गमगीन माहौल में मुक्तिधाम में महिला का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान शिवालिक वृत्त के वन संरक्षक राजीव धीमान, डीएफओ तरुण एस. और मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुमन कोटनाला समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
शादी से लौट रहे लोगों को दिखा गुलदार
सेवानिवृत्त कैप्टन हर्षवर्धन बिष्ट और शिवराज सिंह अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे शादी समारोह से लौट रहे लोगों को सनेह में चंबल खेल मैदान के पास गुलदार दिखाई दिया। लोगों के शोर मचाने पर गुलदार जंगल की ओर भाग गया। वहीं, मंगलवार सुबह करीब चार बजे सनेह कॉलोनी निवासी कुशाल सिंह ने भी अपने घर के पास गुलदार देखा। गुलदार की लगातार सक्रियता से ग्रामीणों में भय बना हुआ है। लोगों ने कुंभीचौड़-कोटड़ीढांग-सनेह मार्ग पर आवाजाही काफी कम कर दी है। कोटद्वार-सिद्धबली मंदिर-सनेह मार्ग पर भी लोग आने-जाने से बच रहे हैं। शाम ढलते ही लोग बच्चों के साथ घरों में कैद होने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने गुलदार को जल्द शूट करने की मांग की है।
