गाजीपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने मिशन शक्ति फेज़ छह के तहत जिलेभर में अभियान चलाया। मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को जागरूक किया। वहीं, एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग कर शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर कोतवाली, करंडा, सैदनपुर, नंदगंज, रामपुर मांझा, खानपुर, भुड़कुड़ा, रेवतीपुर, सुहवल, नोनहरा, भांवरकोल, मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद और बरेसर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस सक्रिय रही। बताया कि महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ मिशन शक्ति के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। वहीं, सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील इलाकों में भ्रमण और चेकिंग की। इस दौरान शोहदों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।