Sonipat News:ककरोई-बिधलान-सिलाना की बदलेगी सूरत, 8.76 करोड़ से बनेंगी सड़कें – Kakaroi-bidhlan-silana Will See A Change In Its Face, With Roads To Be Built At A Cost Of Rs 8.76 Crore
– मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद लोक निर्माण विभाग ने जारी किया टेंडर, 40 हजार लोगों का आसान होगा सफर
– सड़क के निर्माण के साथ बनेगी रिटेनिंग वॉल और पानी निकासी के लिए ड्रेन
– लंबे समय से जर्जर सड़क का किया जाएगा पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण
– खेड़ी दहिया, निरथान और सिलाना सहित आसपास के गांवों को भी मिलेगा सीधा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। ककरोई से बिधलान होते हुए सिलाना रोड तक जाने वाली सड़क की सूरत जल्द बदलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से खस्ताहाल इस सड़क के निर्माण और सुदृढ़ीकरण पर लोक निर्माण विभाग 8.76 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इससे ककरोई, बिधलान, खेड़ी दहिया, निरथान और सिलाना सहित आसपास के गांवों के 40 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा।
ककरोई-बिधलान-सिलाना मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क की सतह जगह-जगह से उखड़ चुकी है और कई स्थानों पर गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है। सबसे अधिक दिक्कत दोपहिया वाहन चालकों को होती है। खराब सड़क के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और बिगड़ जाती है।
कई स्थानों पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित होता है। ग्रामीण लंबे समय से इस मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। अब विभाग की ओर से टेंडर जारी किए जाने के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के तहत विभाग ने परियोजना का टेंडर जारी कर दिया है। सड़क निर्माण के साथ रिटेनिंग वॉल और बारिश के पानी की निकासी के लिए ड्रेन भी बनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री की विकास रैली में की गई थी सड़क निर्माण की घोषणा
सड़क के निर्माण की घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 28 दिसंबर 2025 को खरखौदा की अनाज मंडी में आयोजित विकास रैली के दौरान की थी। ग्रामीण लंबे समय से सड़क की खराब हालत को लेकर संबंधित विभाग और सरकार के समक्ष मांग उठा रहे थे। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद लोक निर्माण विभाग ने परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की। अब 8.76 करोड़ रुपये का टेंडर जारी होने के बाद निर्माण कार्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।
सड़क के साथ बनेगी रिटेनिंग वॉल और ड्रेन
परियोजना के तहत केवल सड़क की मरम्मत नहीं होगी, बल्कि उसका व्यापक स्तर पर निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। जरूरत के अनुसार कुछ स्थानों पर सड़क की शिफ्टिंग भी की जाएगी। सड़क की मजबूती बनाए रखने के लिए रिटेनिंग वॉल का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा बारिश के पानी की निकासी के लिए ड्रेन बनाई जाएगी, ताकि सड़क पर पानी जमा होने की समस्या को कम किया जा सके। जल निकासी की बेहतर व्यवस्था होने से सड़क को लंबे समय तक सुरक्षित और मजबूत बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
वर्जन
-ककरोई-बिधलान-सिलाना सडक़ के निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए 8.76 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया गया है। फिलहाल निर्माण एजेंसी के चयन और कार्य आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जानी है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और आवागमन पहले से अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक हो सकेगा।
प्रशांत कौशिक, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग।
