Jalaun News:मेफेड्रोन फैक्टरी के भंडाफोड़ के बाद भी नहीं पकड़ पाए नेटवर्क – Network Remains Untraced Even After The Busting Of A Mephedrone Factory
उरई। डकोर क्षेत्र के ऐरी रमपुरा में गुलाब जल बनाने की आड़ में चल रही कथित मेफेड्रोन फैक्टरी का भंडाफोड़ हुए करीब एक महीना होने जा रहा है, लेकिन इस अवैध कारोबार का पूरा नेटवर्क अब तक सामने नहीं आ सका है।
जालौन में डीआरआई और एटीएस की कार्रवाई के बाद कानपुर में लगातार हो रही गिरफ्तारियों ने इस नेटवर्क के विस्तार की ओर इशारा किया है।
मंगलवार को कानपुर के फजलगंज थाना पुलिस ने मेफेड्रोन की तस्करी करने वाले गिरोह के तीन और सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 600 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब छह करोड़ रुपये बताई गई है। बरामदगी को जालौन में पकड़े गए नेटवर्क से जोड़कर देखा जा रहा है।
29 अक्तूबर को डीआरआई और एटीएस की संयुक्त टीम ने डकोर क्षेत्र के ऐरी रमपुरा गांव में छापा मारकर कथित ड्रग्स फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। गुलाब जल बनाने की आड़ में चल रहे इस कारोबार में बड़ी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित मादक पदार्थ, कच्चे रसायन और उपकरण मिले थे। डीआरआई की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पूरी कार्रवाई में करीब 1100 किलोग्राम मादक पदार्थ, अर्धनिर्मित सामग्री और रसायन जब्त किए गए थे।
महाराष्ट्र निवासी संतोष गावली और हमीरपुर के हेमंत कुशवाह को गिरफ्तार किया गया था, जबकि फैक्टरी संचालक शैलेंद्र पाल की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। इसके बाद जांच में कानपुर के बाबूपुरवा निवासी रिजवान अहमद का नाम सामने आया। उसे 10 नवंबर की देर रात गोविंदपुरी पुल के पास से गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से 50 ग्राम मेफेड्रोन मिली थी।
पुलिस के मुताबिक, वह फैक्टरी का साझेदार था और कच्चे माल की व्यवस्था से लेकर तैयार माल की सप्लाई तक में उसकी भूमिका थी। जांच में गुजरात, दिल्ली और कानपुर से कच्चा माल खरीदकर फैक्टरी तक पहुंचाने की बात भी सामने आई थी। गिरोह का नेटवर्क उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र तक फैला होने की जानकारी पुलिस ने दी थी।
सप्लाई नेटवर्क की अन्य कड़ियां तलाश रही पुलिस
सोमवार देर रात फजलगंज पुलिस ने रिजवान के तीन और साथियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शाहजहांपुर के मिर्जापुर निवासी हाजिद अली उर्फ साहिल, फर्रुखाबाद निवासी रेहान कुरैशी और ऋषभ शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इनके पास से 600 ग्राम मेफेड्रोन बरामद हुई। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गिरोह के सरगना खय्याम समेत कई सदस्य पहले भी मुंबई में मेफेड्रोन तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर सप्लाई नेटवर्क की अन्य कड़ियां तलाश रही है।
शैलेंद्र की गिरफ्तारी से खुल सकता है उत्पादन का राज
इस पूरे मामले में सबसे अहम कड़ी कथित फैक्टरी संचालक शैलेंद्र पाल की गिरफ्तारी है। उसके हाथ नहीं आने से यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि रमपुरा में फैक्टरी शुरू होने के बाद से अब तक कुल कितना मेफेड्रोन तैयार किया गया।
छापे में बरामद माल के अलावा कितनी खेप पहले ही बाहर भेजी जा चुकी थी, इसका भी पूरा हिसाब सामने नहीं आया है। यह भी पता नहीं चल सका है कि ड्रग्स का निर्माण केवल रमपुरा स्थित ठिकाने पर हो रहा था या जिले के दूसरे स्थानों पर भी ऐसी इकाइयां संचालित थीं। जांच में यह बात भी सामने आई थी कि गिरोह बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए जिले के जंगल क्षेत्र में जमीन खरीदने की तैयारी कर रहा था।
मुंबई और दूसरे राज्यों तक पहुंचाने की थी तैयारी
जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, गिरोह का नेटवर्क केवल जालौन और कानपुर तक सीमित नहीं था। मुंबई सहित दूसरे राज्यों में तैयार माल खपाने की योजना थी। कच्चे रसायनों की खरीद, निर्माण, पैकिंग और सप्लाई के लिए अलग-अलग लोगों की भूमिका सामने आई है।
कानपुर में लगातार हो रही गिरफ्तारियां इस बात की तस्दीक करती हैं कि जालौन में पकड़ी गई फैक्टरी का मामला महज एक अवैध निर्माण इकाई तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके पीछे तस्करी का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था।
