Firozabad News:सपा-कांग्रेस गठबंधन पर मुहर के बीच टूंडला और फिरोजाबाद सदर पर फंसा पेच – Amid The Formalization Of The Sp-congress Alliance, A Deadlock Has Emerged Over The Tundla And Firozabad Sadar Seats
फिरोजाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सपा और कांग्रेस के गठबंधन के बीच जिले की दो अहम फिरोजाबाद सदर और टूंडला (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर दावेदारी को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। इन दोनों सीटों पर किसका चेहरा और चुनाव चिन्ह होगा, इसे लेकर प्रदेश से लेकर स्थानीय स्तर तक एकराय नहीं बन पा रही है। कांग्रेस ने जहां इन दोनों सीटों पर दावा ठोका है। वहीं सपा के भीतर भी इन सीटों को छोड़ने या रखने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। 2012 और 2017 के गठबंधन में ये दोनों सीटें सपा के हिस्से में आई थीं, लेकिन दोनों ही बार सपा प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा था।
टूंडला सीट: दलित-सवर्ण गणित बनाम पीडीए और लोकसभा की बढ़त
टूंडला सुरक्षित सीट पर दावेदारी को लेकर दोनों दलों के पास अपने-अपने जातीय और चुनावी आंकड़े हैं। कांग्रेस का तर्क है कि टूंडला में दलित (विशेषकर जाटव) मतदाताओं की संख्या निर्णायक है और हाल के दौर में दलित वर्ग का रुझान कांग्रेस की ओर बढ़ा है। इसके साथ ही यूजीसी से जुड़े मुद्दे को लेकर ब्राह्मण व सवर्ण वर्ग की कथित नाराजगी, कांग्रेस की जाटव समाज पर पकड़ और 2007 के बाद से सपा के इस सीट पर न जीत पाने को कांग्रेस अपनी दावेदारी के पक्ष में मजबूत आधार मान रही है।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी का दावा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में टूंडला विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर सपा के वोटों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। पार्टी के मुताबिक, पहले जहां हार-जीत का अंतर बड़ा रहता था, वहीं लोकसभा चुनाव में यह फासला सिमटकर करीब 15 हजार मतों के आसपास आ गया। सपा पीडीए फार्मूले, जिले में सपा सांसद होने से कार्यकर्ताओं के बढ़े मनोबल और मजबूत दलित उम्मीदवार की मौजूदगी के दम पर इस सीट पर अपना दावा मजबूत बता रही है।
फिरोजाबाद सदर: मुस्लिम-दलित-सवर्ण तालमेल बनाम यादव-मुस्लिम गठजोड़
फिरोजाबाद सदर (शहरी) सीट पर भी दोनों दलों के बीच सियासी खींचतान दिलचस्प है। कांग्रेस का मानना है कि शहरी क्षेत्र में मुस्लिम मतदाताओं की बड़ी हिस्सेदारी के साथ वैश्य, ब्राह्मण और दलित मतदाता भी अहम भूमिका निभाते हैं। कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि यूजीसी मुद्दे को लेकर सवर्ण समाज में नाराजगी, मुस्लिम समाज का कांग्रेस की तरफ बढ़ता रुझान, दलित वोटों पर पकड़ और 2007 के बाद से सपा की जीत न हो पाने के कारण यहां कांग्रेस का चेहरा भाजपा को कड़ी चुनौती दे सकता है।
वहीं, समाजवादी पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में फिरोजाबाद विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर मिली करीब 16 हजार वोटों की बढ़त को अपनी ताकत बता रही है। सपा का तर्क है कि यादव और मुस्लिम वोटों का गठजोड़ तथा मजबूत मुस्लिम प्रत्याशी उतारने की रणनीति उसे इस सीट पर प्रभावी बनाती है, इसलिए सीट को लेकर जल्दबाजी में फैसला ठीक नहीं है।
चुनावी आंकड़ों का आईना, पिछले नतीजे
शहर विधानसभा सीट के नतीजेः
2022: भाजपा प्रत्याशी ने 1,12,509 वोट पाकर जीत दर्ज की। सपा के मुस्लिम प्रत्याशी 79,554 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी को 1,154 वोट मिले।
2017: भाजपा प्रत्याशी 1,02,654 मतों के साथ विजयी रहे। सपा-कांग्रेस गठबंधन से सपा के मुस्लिम प्रत्याशी को 60,927 वोट मिले।
2012: भाजपा प्रत्याशी ने 74,878 वोट पाकर जीत हासिल की, जबकि सपा के मुस्लिम प्रत्याशी को 72,863 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी 2,933 वोटों के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
2007: बसपा के मुस्लिम प्रत्याशी ने 42,700 वोट पाकर जीत दर्ज की। सपा के मुस्लिम प्रत्याशी को 32,506, भाजपा के ओबीसी प्रत्याशी को 30,980 और कांग्रेस के प्रत्याशी को 2,282 वोट मिले थे।
टूंडला विधानसभा सीट (आरक्षित) के नतीजे
2022: भाजपा के दलित प्रत्याशी ने 1,22,881 वोट पाकर जीत हासिल की। सपा प्रत्याशी को 75,190, बसपा को 40,977 और कांग्रेस को 1,949 वोट मिले।
2017: भाजपा के दलित उम्मीदवार ने 1,18,584 मत पाकर जीत दर्ज की। बसपा को 62,514 और सपा-कांग्रेस गठबंधन के तहत सपा के दलित प्रत्याशी को 54,888 वोट मिले।
2012: बसपा के दलित प्रत्याशी 67,949 वोट पाकर विजयी रहे। सपा-कांग्रेस गठबंधन के सपा प्रत्याशी ने 60,003 वोट पाकर दूसरा स्थान पाया, जबकि भाजपा के दलित प्रत्याशी को 58,536 वोट मिले।
2007: बसपा के दलित प्रत्याशी ने 50,002 मत पाकर जीत दर्ज की। भाजपा के दलित प्रत्याशी को 28,178, सपा को 27,630 और कांग्रेस के दलित प्रत्याशी को 1,987 वोट मिले थे।
बयान
गठबंधन पर मुहर के बाद अब दोनों पार्टी सीटों पर सहमति बनाने में लगी है। जल्द इस पर निर्णय होगा। जिस पार्टी का मजबूत समीकरण बनेगा उसके हिस्से में सीट जाएगी और मजबूती से चुनाव लड़ा जाएगा।
– सतेंद्र जैन सोनी, राष्ट्रीय सचिव सपा
सपा के साथ 2012 और 2017 के गठबंधन में कांग्रेस ने टूंडला, सदर सीट को छोड़ा था। फिर भी सपा प्रत्याशी जीत नहीं पाए थे। कांग्रेस का जनाधार बढ़ा है, ऐसे में सपा को इस बार इन सीटों को छोड़ना चाहिए।
– प्रकाश निधि गर्ग, निवर्तमान महासचिव, प्रदेश कांग्रेस
