रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:खड़गपुर हाट के पास हाईवा ने बाइक सवार शिक्षक को कुचला, मौके पर मौत: इलाज कराने जा रहे थे – High-speed Hyva Crushes Bike-borne Teacher To Death Near Khargpur Haat
मुंगेर

बिहार:खड़गपुर हाट के पास हाईवा ने बाइक सवार शिक्षक को कुचला, मौके पर मौत: इलाज कराने जा रहे थे – High-speed Hyva Crushes Bike-borne Teacher To Death Near Khargpur Haat

November 25, 2026


High-Speed Hyva Crushes Bike-Borne Teacher to Death Near Khargpur Haat

मृतक

विस्तार

मुंगेर के खड़गपुर-बरियारपुर एनएच-333 मुख्य मार्ग पर खड़गपुर हाट के समीप बुधवार दोपहर तेज रफ्तार बालू लदे हाईवा ने बाइक सवार शिक्षक को कुचल दिया। हादसे में शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक हाईवा छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।

मृतक की पहचान मध्य विद्यालय साडोब में कार्यरत शिक्षक राजीव कुमार रमन के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायल शिक्षक को अनुमंडलीय अस्पताल हवेली खड़गपुर ले गई। वहां चिकित्सक डॉ. इकबाल शम्सी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पढ़ें: आज अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी, घुड़दौड़ के लिए तैयार हुआ मैदान, मेहमानों के लिए बन रहे दो हेलिपैड

शिक्षक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई। बेटे का शव देखते ही सेवानिवृत्त शिक्षक पिता धनुषधारी प्रसाद दहाड़ मारकर रोने लगे। उनकी चीत्कार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार पंडित ने बताया कि राजीव कुमार रमन बुधवार को विद्यालय आए थे। उन्होंने चिकित्सक से इलाज कराने के लिए जाने का आवेदन दिया था। इसके बाद वह अपने आवास रमणकाबाद, खड़गपुर लौट रहे थे। इसी दौरान खड़गपुर हाट के समीप तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

शिक्षक की असामयिक मौत से शिक्षा जगत में शोक की लहर है। सहकर्मी शिक्षकों ने घटना पर गहरा दुख जताया है। थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। दुर्घटना में शामिल हाईवा जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X