3300 साल तक पानी में डूबी रही और आज भी नहीं गई धार, इटली की झील से निकली कांसे की तलवार
Last Updated:
पुरातत्वविदों ने इटली की एक झील से कांस्य युग की 3300 साल पुरानी एक तलवार बरामद की है. पानी में तीन हजार साल से ज्यादा समय तक डूबी रहने के बावजूद इसकी धार आज भी वैसी ही तेज है. विशेषज्ञों का मानना है कि इसे किसी देवता को भेंट चढ़ाने या किसी खास योद्धा के सम्मान में झील में डाला गया था. इसके साथ ही झील से प्राचीन बस्तियों के अवशेष और कई हथियार भी मिले हैं.
पुरातत्वविदों ने इटली की एक झील में कांसे की एक तलवार खोजी है. (Image credit: Superintendence of Archaeology, Fine Arts and Landscape for the Province of Viterbo and Southern Etruria)
इटली की एक प्राचीन ज्वालामुखी झील से पुरातत्वविदों ने 3300 साल पुरानी कांस्य की तलवार खोजी है. रोम और एट्रस्कन सभ्यताओं के उदय से सदियों पहले की यह तलवार पानी के भीतर पूरी तरह सुरक्षित मिली है. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि 33 सदियां बीत जाने के बाद भी इसकी धार आज भी तेज बनी हुई है. पुरातत्वविदों का अनुमान है कि इसे किसी देवता को भेंट चढ़ाने या किसी उच्च दर्जे के योद्धा के सम्मान में पानी में विसर्जित किया गया था. राजधानी रोम से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित मेजानो झील में यह दुर्लभ खोज हुई है. पिछले 50 सालों में इस झील से मिलने वाली यह तीसरी प्राचीन तलवार है.
ज्वालामुखी के क्रेटर में बनी झील में 3300 साल तक यह तलवार सुरक्षित कैसे रह गई?
मेजानो झील एक प्राचीन और शांत ज्वालामुखी के क्रेटर में स्थित है. विशेषज्ञों के अनुसार यह तलवार लेट ब्रॉन्ज एज यानी ईसा पूर्व 14वीं से 13वीं शताब्दी के बीच की है. झील के गहरे पानी और तलछट के खास रासायनिक माहौल ने धातु को सड़ने या जंग लगने से बचाए रखा. इस वजह से तीन हजार साल बाद भी तलवार का ब्लेड और उसकी धार जस की तस बनी हुई है.
कांसे की यह तलवार उत्तर कांस्य युग की है और शायद शक्ति का प्रतीक रही होगी. (Image credit: Superintendence of Archaeology, Fine Arts and Landscape for the Province of Viterbo and Southern Etruria)
ईसा पूर्व 13वीं शताब्दी के दौरान मध्य इटली के लोग भूमध्य सागर के विशाल व्यापार नेटवर्क से सीधे जुड़े हुए थे. उस समय तांबे और टिन से बने कांस्य के हथियार केवल लड़ाई का साधन नहीं थे. वे हथियार उस समाज में प्रतिष्ठा, पहचान और असीम शक्ति का प्रतीक भी माने जाते थे. यह परंपरा बाद में एट्रस्कन काल तक भी जारी रही जहां कुओं में धार्मिक अनुष्ठानों के तहत हथियार डाले जाते थे.

दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…
और पढ़ें
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login
