मनाली। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की ओर से मनाए जा रहे धरोहर सप्ताह के तहत बुधवार को हिडिंबा मंदिर परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों के लिए धरोहर विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता करवाई गई, जिसमें बच्चों ने अपनी कला के माध्यम से ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया।
प्रतियोगिता में सुहानी ने प्रथम, तान्या ने द्वितीय और सूर्या ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को नगर परिषद मनाली के उपाध्यक्ष ठाकुर दास ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शिरकत की और बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के संरक्षण सहायक विशाल हैदर, कर्मचारी तापे राम शर्मा सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।