Jaunpur News:नौकरी दिलाने के नाम पर 4.30 लाख रुपये ठगे – Cheated Out Of 4.3 Lakh Rupees In The Name Of Getting A Job
मड़ियाहूं। एनटीपीसी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सदरगंज निवासी रमाशंकर चौरसिया से 4.30 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पीड़ित का आरोप है कि अगस्त 2021 में उनकी मुलाकात राजेंद्र प्रसाद मिश्र और उनके बेटे आशु मिश्र निवासी गुतवन से हुई थी। आशु ने अपने पिता को एनटीपीसी में बड़ा अधिकारी बताते हुए कई लोगों को नौकरी दिलाने की बात कही थी। इस पर रमाशंकर ने अपने रिश्तेदार रमानाथ चौरसिया को नौकरी दिलाने के लिए उनसे संपर्क किया। इसके बदले पांच लाख रुपये मांगे। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने छह, सात और 27 अगस्त 2021 को अलग-अलग किस्तों में कुल 2.95 लाख रुपये राजेंद्र मिश्र के बैंक खाते में भेजे। इसके बाद आठ अगस्त 2024 को नौकरी की सूची फाइनल होने का हवाला देकर एक लाख रुपये और मांगे गए। यह रकम नौ और 12 अगस्त को परमेेश्वर नामक व्यक्ति के खाते में भेजी गई। पीड़ित का आरोप है कि नौकरी नहीं मिलने पर रुपये वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले में राजेंद्र प्रसाद मिश्र, राजू मिश्र निवासी गुतवन, नेवढ़िया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
