Kasganj News:विद्युत पोल से टकराई बाइक, युवक की मौत साथी घायल – Bike Crashes Into Electric Pole; One Youth Killed, Companion Injured
पटियाली। गांव जासमई के पास बुधवार को बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव जासमई निवासी मोहित ठाकुर (23) पुत्र भूपेंद्र बुधवार को अपने दोस्त किशन (18) पुत्र विपिन के साथ बाइक से डिलोरी गांव में अपनी बहन के घर जा रहा था। बाइक मोहित चला रहा था और किशन पीछे बैठा था।
गांव से कुछ दूरी पर पहुंचते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और बुरी तरह घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं, किशन की हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मोहित की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई। उसका दो वर्षीय बेटा बॉबी है।
वर्जन
बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई थी जिससे एक युवक की मौत हुई है। घायल का उपचार चल रहा है। – अमित कुमार, सीओ पटियाली

फोटो 12- मृतक मोहित का फाइल फोटो।
