रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मुज़फ़्फ़रनगर

Muzaffarnagar News:गुरु गोविंद सिंह के नाम पर होगा चौराहे का नामकरण – The Intersection Will Be Named After Guru Gobind Singh

November 25, 2026


मुजफ्फरनगर। शहर में अब गुरु गोविंद सिंह के नाम पर नया चौराहा विकसित किया जाएगा। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर रोडवेज स्थित गुरुद्वारे में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप की मौजूदगी में यह घोषणा की। घोषणा के बाद बुधवार को भोपा रोड पर श्रीराम स्वीट्स के सामने प्रस्तावित चौराहे के नामकरण का बोर्ड भी लगा दिया गया।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही नगरपालिका परिषद को प्रस्ताव भेजा जाएगा। पालिका बोर्ड से प्रस्ताव पारित कराने के बाद शासन से औपचारिक मंजूरी ली जाएगी। श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सतपाल सिंह मान ने इस घोषणा पर प्रसन्नता जताते हुए मंत्री और चेयरपर्सन का आभार व्यक्त किया।

शहर में महापुरुषों और शहीदों के नाम पर चौराहों एवं मार्गों के नामकरण को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं। गांधी कॉलोनी-पचेंडा मार्ग के नामकरण को लेकर सिख और जाट समाज के बीच लंबे समय तक असहमति रही थी। ऐसे में गुरु गोविंद सिंह के नाम पर प्रस्तावित नए चौराहे को लेकर अब नगरपालिका परिषद की आगामी कार्रवाई पर निगाहें रहेंगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X