रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Srinagar News:नहीं की बात, रेजिडेंट डॉक्टरों का आंदोलन जारी – Srinagar, Strike, Resident Doctors, Protest
श्रीनगर

Srinagar News:नहीं की बात, रेजिडेंट डॉक्टरों का आंदोलन जारी – Srinagar, Strike, Resident Doctors, Protest

November 25, 2026


श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में स्टाइपेंड बढ़ाने और वेतन समानता की मांग को लेकर पोस्टग्रेजुएट (पीजी) और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों का जारी आंदोलन लगातार व्यापक रूप लेता जा रहा है। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू में विरोध प्रदर्शन बुधवार को सातवें दिन और जीएमसी श्रीनगर में छठे दिन में प्रवेश कर गया है।

अब इस मुहिम में गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज (जीडीसी) श्रीनगर के डेंटल रेजिडेंट्स भी शामिल हो गए हैं, जो एमडीएस रेजिडेंट्स के लिए न्यायसंगत स्टाइपेंड संशोधन की मांग कर रहे हैं। डेंटल डॉक्टरों के जुड़ने से पूरे प्रदेश में चल रहे इस आंदोलन को नई ताकत मिली है।

ऑल इंडिया मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (एआईएमएसए) के डेंटल प्रमुख डॉ. दानिश हमीद ने स्पष्ट किया कि डेंटल डॉक्टर अपने मेडिकल साथियों के साथ पूरी एकजुटता से खड़े हैं। उन्होंने एमडी, एमएस, डीएनबी और एमडीएस रेजिडेंट्स के लिए एक समान स्टाइपेंड वृद्धि की पुरजोर मांग की। वहीं, पीजी रेजिडेंट्स डॉ. सना जावेद और डॉ. अभिषेक मित्तल ने मौजूदा छठे वेतन आयोग के ढांचे को समाप्त करने और जम्मू-कश्मीर के रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए तत्काल प्रभाव से सातवां वेतन आयोग लागू करने की वकालत की।

यह आंदोलन आने वाले दिनों में और अधिक फैलने की संभावना है, क्योंकि जिला अस्पताल कुलगाम, जिला अस्पताल गांदरबल और सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल (एसडीएच) कुपवाड़ा के डॉक्टरों ने भी जेएलएनएम अस्पताल रैनावारी में प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के साथ जुड़ने का ऐलान किया है।

जिला अस्पताल कुलगाम के पीजी रेजिडेंट डॉ. यासिर फैयाज ने घोषणा की है कि वे प्रदर्शनकारी डॉक्टरों के प्रति अपना समर्थन और एकजुटता व्यक्त करने के लिए जेएलएनएम अस्पताल रैनावारी का दौरा करेंगे। इस बीच, जीएमसी श्रीनगर के पीजी रेजिडेंट्स डॉ. मुईद, डॉ. मोहम्मद हुसैन और डॉ. सुशांत ने कहा कि डॉक्टर अपने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को और तेज करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मरीजों की देखभाल उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए आंदोलन के दौरान आपातकालीन सेवाओं को बाधित नहीं किया जाएगा। दूसरी ओर, जेएलएनएम अस्पताल रैनावारी के पीजी रेजिडेंट्स डॉ. रवि और डॉ. जोहा सुजैन ने कहा कि प्रदेश भर के जिला अस्पतालों में कार्यरत रेजिडेंट डॉक्टर जिनमें डीएनबी रेजिडेंट्स भी शामिल हैं। इस राज्यव्यापी आंदोलन का पूर्ण समर्थन करते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X