रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कानपुर

Kanpur News:स्टेट रिव्यू मिशन टीम के जाते ही डॉक्टरों व स्टाफ की मनमानी – Doctors And Staff Act Arbitrarily As Soon As The State Review Mission Team Leaves

November 25, 2026


कानपुर देहात। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत परखने के लिए स्टेट रिव्यू मिशन टीम ने इसी सप्ताह जिले की सीएचसी-पीएचसी व स्वास्थ्य उप केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य इकाइयों में सुविधाएं चकाचक मिलीं लेकिन टीम के वापास होते ही जिम्मेदार मनमर्जी पर उतारू हो गए हैं।

शीतकालीन सत्र शुरू होने पर एक अक्तूबर से सीएचसी की ओपीडी का समय सुबह आठ से दो बजे के स्थान पर सुबह 10 से शाम चार बजे का कर दिया गया है। इसके बाद भी जिम्मेदारों का देरी से अस्पताल आना और तय समय से पहले ही उठकर चला जाना मरीजों के लिए परेशानी का सबब बना है। सुबह मरीजों को डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों का आने का इंतजार करना पड़ता है। वहीं आने में देरी होने पर तय समय से पहले डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों के उठ जाने पर निजी क्लीनिकों का सहारा लेना पड़ रहा है। इसकी हकीकत बुधवार को संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से की गई पड़ताल में उजागर हुई।

केस-1

समय से उठ गए जिम्मेदार, मरीज परेशान

जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर स्थित रूरा सीएचसी में बुधवार की सुबह तय समय से 14 मिनट देरी से डॉक्टर अपने कक्ष का ताला खोलती दिखीं। इसके बाद 10:25 बजे तक पैथोलॉजी में ताला लटकता मिला। खून की जांच करवाने के लिए आए गहोलिया निवासी शिवकुमार ने बताया कि जल्द जांच करवाने के लिए वह सुबह 10 बजे ही अस्पताल आ गए थे आदे घंटे का इंतजार करने के बाद भी पैथोलॉजी का ताला नहीं खुला। वहीं रूरा निवासी शिवसिंह ने बताया कि दांत में दिक्कत हो रही थी जिसको दिखाने के लिए अस्पताल आए थे लेकिन डॉक्टर के आने का इंतजार करते रहे। इधर, दोपहर साढ़े तीन बजे के करीब डॉक्टर ओपीडी से नदारद मिले। एक्स-रे कक्ष, पैथोलॉजी सहित अन्य कक्ष बंद मिले। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. पवन परिसर में ही मौजूद थे। समय से पहले अस्पताल छोड़ने वाले स्वास्थ्य कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।

केस-2

देरी से आए डॉक्टर, अधीक्षक का कक्ष भी बंद मिला

पुखरायां सीएचसी में मरीज तो तय समय से पहले आ गए पर डॉक्टरों के अस्पताल आने में लेट लतीफी हुई। डॉ. राजवीर सिंह, डॉ. गोविंद प्रसाद ओपीडी में मौजूद मिले। दंत चिकित्सक डॉ. प्रज्वल सिंह 10:12 बजे पर अस्पताल आए। डॉ. केदारनाथ वर्मा 10:25 बजे पर ओपीडी में आए। यहां तक कि अधीक्षक डॉ. अनूप सचान ही 10:30 बजे पर अस्पताल आए। वहीं महिला चिकित्सक के न आने और एक्स-रे रूम में ताला लटकता मिलने से मरीज परेशान होकर भटकते मिले। अमौली रसधान निवासी सोमवती ने बताया कि रीड़ की हड्डी में दर्द रहने के चलते वह एक्स-रे करवाने के लिए आई थीं। एक घंटे बाद भी कक्ष का ताला नहीं खुला। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनूप सचान ने बताया कि वह अस्पताल के लिए सामान लेने के लिए माती गए थे। इस लिए देरी हुई। डॉ. केदारनाथ वर्मा पोस्टमार्टम में सेकेंड ओपीनियन के लिए हस्ताक्षर करने गए थे। डॉ. आरती सिंह व एक्स-रे टेक्नीशियन के छुट्टी पर जाने से सुविधाएं बाधित रहीं। एक्स-रे टेक्नीशियन के छुट्टी से आने तक सुविधा को वैकल्पिक रूप से चलाने के लिए देवीपुर सीएचसी तैनात एक्स-रे टेक्नीशियन की ड्यूटी अस्पताल में लगवाए जाने के लिए सीएमओ को पत्र लिखा गया है।

इंसेट

डॉक्टरों के कानपुर मोह से बाधित हो रहीं सुविधाएं

-जिले की स्वास्थ्य इकाइयों पर तैनात डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों को बिना अनुमति के मुख्यालय न छोड़ने के आदेश हैं। इसके बावजूद भी डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों से कानपुर शहर का मोह नहीं छूट रहा है। कानपुर से प्रतिदिन आने-जाने के चलते डॉक्टरों के अस्पताल आने में देरी हो रही है। वहीं वापस कानपुर पहुंचने के लिए भी समय से पहले अस्पताल छोड़ दे रहे हैं। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि कई जिम्ममेदार अधिकारी भी शाम होते ही जनपद छोड़कर कानपुर नगर चले जाते हैं।

—–

बोले जिम्मेदार

पुखरायां सीएचसी में डॉक्टरों के देरी से आने व रूरा सीएचसी में स्टाफ के तय समय से पहले ओपीडी बंद करने देने का मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच करवाने के साथ ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। अनुकूल जवाब न मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्टाफ के मुख्यालय छोड़ने को लेकर औचक निरीक्षण कर जांच की जाएगी।- डॉ. जय गोविंद, सीएमओ

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X