Sant Kabir Nagar News:खेल की फोटाे करनी होगी अपलोड – Photos Of The Game Will Be Uploaded
संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालयों में खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने और खेल सामग्री के उपयोग की निगरानी के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब विद्यालयों में आयोजित होने वाली खेल गतिविधियों की तस्वीरें और उनका विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
इस संबंध में महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने निर्देश जारी किए हैं। जनपद में 1246 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें एक लाख तीन हजार से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। नई व्यवस्था के तहत प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को नियमित रूप से खेल गतिविधियां आयोजित करानी होंगी। इसके बाद बच्चों की तस्वीरें और गतिविधियों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
इससे विद्यालयों में खेलकूद की स्थिति और खेल सामग्री के वास्तविक उपयोग की जानकारी मिल सकेगी। परिषदीय विद्यालयों को प्रतिवर्ष लूडो, कैरम, फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और क्रिकेट समेत विभिन्न खेलों की सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था से खेल गतिविधियों की निगरानी हो सकेगी।
