रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फरीदाबाद

Faridabad News:प्रदूषण में आगे… बजट खर्च करने में पीछे – Ahead In Pollution… Lagging In Budget Expenditure

November 26, 2026


Ahead in pollution... lagging in budget expenditure

प्रदूषण नियंत्रण के लिए मिले 139 करोड़ रुपये पांच साल में भी नहीं खर्च कर सका निगम

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम की 28 फीसदी राशि खर्च नहीं हो सकी

नवंबर में कई बार देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शीर्ष पर रहा है बल्लभगढ़

राहुल राज

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ नवंबर में कई बार देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शीर्ष पर रहा। इसके बावजूद नगर निगम प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में लगातार विफल साबित हो रहा है। वहीं, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत फरीदाबाद को मिले करीब 139 करोड़ रुपये में से निगम सिर्फ 72 प्रतिशत राशि ही खर्च कर सका है। यानी करीब 28 प्रतिशत राशि खर्च नहीं हो सकी है। निगम प्रशासन इस बजट को पांच साल में भी खर्च नहीं कर सका। जबकि अगली किस्त प्राप्त करने के लिए 75 प्रतिशत राशि खर्च करने की शर्त अहम है।

ऐसे में खर्च का निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं होने और केंद्र सरकार की ओर से अनुदान व्यवस्था में बदलाव के बाद शहर में प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों के लिए अतिरिक्त धनराशि मिलने की उम्मीद को झटका लगा है। एनसीएपी के तहत जारी 138.97 करोड़ रुपये की राशि से शहर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए कई कार्य किए जाने थे। इनमें सड़कों की यांत्रिक सफाई, धूल नियंत्रण के उपाय, सड़कों का निर्माण और मरम्मत, कूड़े एवं निर्माण मलबे का उचित प्रबंधन, पौधरोपण और हरित क्षेत्र विकसित करना शामिल था। इन कार्यों का उद्देश्य सड़कों से उड़ने वाली धूल और प्रदूषण के अन्य स्रोतों पर नियंत्रण करना था। इसके बावजूद शहर में धूल, कूड़े और गंदगी की समस्या बनी हुई है।

31 मार्च 2026 तक खर्च करना था बजट

दरअसल, 15वें वित्त आयोग के एक अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2026 तक कार्यकाल में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए शहरों को अलग से अनुदान दिया जाता था। इसे पांच साल के अंदर खर्च किया जाना था। मार्च 2026 में इसका कार्यकाल समाप्त होने के बाद 16वें वित्त आयोग ने इस व्यवस्था को आगे जारी नहीं रखा। नए आयोग ने शहरी निकायों के लिए व्यापक अनुदान की सिफारिश की है, लेकिन इसमें प्रदूषण नियंत्रण के लिए अलग से राशि निर्धारित नहीं की गई है। ऐसे में अब नगर निगम को प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों के लिए अलग से कितनी धनराशि उपलब्ध होगी, यह स्पष्ट नहीं है। शहर में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने के बीच बजट की अनिश्चितता नगर निगम के सामने नई चुनौती बन रही है।

वर्जन-

एनसीएपी के तहत मिलने वाली राशि के उपयोग के लिए नगर निगम ने पहले ही कार्ययोजना का खाका तैयार कर लिया था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया और एजेंसियों के चयन में ज्यादा समय लगता है। कई बार एजेंसी नहीं आती हैं। इस तरह की समस्या के कारण फंड का पूरा उपयोग नहीं हो पाता है। – नितिन कादयान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X