Kurukshetra News:संविधान के मूल सिद्धांतों और विकसित भारत-2047 पर होगा मंथन – Deliberations Will Be Held On The Core Principles Of The Constitution And ‘viksit Bharat 2047’ (developed India 2047)
कुरुक्षेत्र। केयू में 77वें संविधान दिवस पर 26 नवंबर को सुबह 11 बजे सीनेट हॉल में विशेष व्याख्यान और संवाद कार्यक्रम होगा। डॉ. बीआर आंबेडकर अध्ययन केंद्र और विधि संस्थान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में संविधान के मूल सिद्धांतों, संवैधानिक मूल्यों और विकसित भारत-2047 पर मंथन होगा। विधि संस्थान के निदेशक प्रो. अमित लूदरी ने बताया कि कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा मुख्य अतिथि और कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल विशिष्ट अतिथि होंगे।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के प्रो. संजय संधू मुख्य वक्ता होंगे। वहीं, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से नशामुक्त युवा, विकसित भारत विषय पर संवाद होगा।
दूसरों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना ही प्रभावी नेतृत्व : डॉ. नम्रता
कुरुक्षेत्र। आईबी पीजी महाविद्यालय, पानीपत में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के सहयोग से आयोजित 39वें आठ दिवसीय अभिमुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे दिन शैक्षणिक नेतृत्व, सुशासन और प्रबंधन पर सत्र हुए। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर के शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की निदेशक डॉ. नम्रता ने कहा कि प्रभावी नेतृत्व दूसरों को आगे बढ़ने और क्षमताओं का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित करता है।
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. आनंद वर्द्धन शर्मा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के लिए पारदर्शी प्रशासन, कुशल प्रबंधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को जरूरी बताया। प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने प्रो. प्रीति जैन का आभार जताया। संयोजक डॉ. हिमांशी के अनुसार, देशभर के 65 शिक्षक भाग ले रहे हैं।
