Uttarkashi News:65 साइकिलिस्टों के साथ चिन्यालीसौड़ पहुंची हिमालयन एमटीबी रैली, 26 को मसूरी में होगा समापन – Himalayan Mtb Rally Reaches Chinyalisaur With 65 Cyclists; Concludes In Mussoorie On The 26th
चिन्यालीसौड़। उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित पांचवीं द अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी) 2026 प्रतियोगिता बुधवार को चिन्यालीसौड़ पहुंची। अभियान में 65 साइकिलिस्ट प्रतिभाग कर रहे हैं। चिन्यालीसौड़ पहुंचने पर रैली का स्वागत किया गया।
उत्तराखंड पर्यटन विभाग एवं उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया और उत्तराखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के तकनीकी सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता 18 नवंबर को नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से शुरू हुई थी। 658 किलोमीटर लंबे इस चुनौतीपूर्ण मार्ग का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा। प्रतियोगिता का रूट मुक्तेश्वर से पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, टिहरी और चिन्यालीसौड़ होते हुए मसूरी तक निर्धारित किया गया है। मध्य हिमालय के दुर्गम पहाड़ी रास्तों से गुजरने वाली इस प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों के साइकिलिस्टों के साथ भारतीय सेना, वायुसेना, आईटीबीपी और रेलवे विभाग के प्रतिभागी भी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन के संचालन में सीएफआई के संयुक्त सचिव शैलेन्द्र कुमार पाठक, नीरज तंवर, बीएफआई के कार्यकारिणी सदस्य प्रशन्ना राउत, डॉ. धर्मेन्द्र लांबा, वीएन सिंह, गिरधर सिंह मनराल और सहायक रेस डायरेक्टर अभिजीत सेठ सहित उत्तराखंड साइक्लिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अधिकारी सहयोग कर रहे हैं। चिन्यालीसौड़ में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, टिहरी के जिला पर्यटन अधिकारी सोबत राणा सहित पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य और चुनौतीपूर्ण पहाड़ी मार्गों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ राज्य में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
