रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
झांसी

Jhansi News:हाईकोर्ट के स्टे के कागजात देखकर लौट गई प्रशासनिक टीम – The Administrative Team Returned After Seeing The High Court’s Stay Order Documents

November 26, 2026


ललितपुर। नजूल की भूमि पर बनी दुकानों को लेकर नगर पंचायत और जिला पंचायत के बीच विवाद मंगलवार को फिर गरमा गया। खोखे हटाने के लिए प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, लेकिन दुकानदारों ने हाईकोर्ट का स्टे आदेश दिखा दिया। कागजात देखने के बाद टीम को बिना कार्रवाई किए लौटना पड़ा।

नायब तहसीलदार मनोज श्रीवास्तव मंगलवार को राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और पुलिस बल के साथ दुकानों को हटाने पहुंचे थे। टीम ने दुकानदारों से जमीन से संबंधित कागजात मांगे। इस पर दुकानदारों ने हाईकोर्ट से मिला स्टे आदेश दिखाया। आदेश देखने के बाद प्रशासनिक टीम वापस लौट गई।

बताया जाता है कि चकबंदी से पहले यह जमीन नगर पंचायत के अभिलेखों में दर्ज थी। चकबंदी के बाद इसे जिला पंचायत के नाम दर्ज कर दिया गया। इसी नजूल भूमि पर दुकानें निर्माणाधीन हैं। पहले से खोखे रखकर कारोबार कर रहे कुछ दुकानदारों ने जमीन को लेकर न्यायालय से स्थगन आदेश ले रखा है। नगर पंचायत ने जमीन के अभिलेखों में दुरुस्ती के लिए न्यायालय में आवेदन किया है, जो विचाराधीन है।

—————————–

नीलामी में अनियमितता के आरोप

नगरवासियों का आरोप है कि निर्माणाधीन दुकानों की नीलामी गुपचुप तरीके से की गई। मौके पर खुली बोली नहीं लगवाई गई, जबकि नियमानुसार नीलामी बोली के माध्यम से होनी चाहिए थी। आरोप है कि दूसरी मंजिल की दुकानें एक ही व्यक्ति को आवंटित कर दी गईं। इससे छोटे दुकानदारों को अवसर नहीं मिला और सरकारी राजस्व को भी नुकसान हुआ। नगरवासियों ने नीलामी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है।

—————————

ब्रिटिश शासनकाल में वर्ष 1931 में यह भूमि टाउन एरिया को पशु बाजार के लिए दी गई थी। बाद में यह नगर पंचायत के नाम दर्ज हुई। चकबंदी के दौरान जमीन जिला पंचायत के नाम दर्ज कर दी गई। नगर पंचायत ने अभिलेखों में दुरुस्ती के लिए न्यायालय में आवेदन किया है, जो विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि दुकानदारों को सिविल जज (सीनियर डिवीजन) और हाईकोर्ट से भूमि पर स्थगन आदेश मिला हुआ है।

नीलम बड़ौनिया, नगर पंचायत अध्यक्ष महरौनी।

—————————–

पीडब्ल्यूडी और जिला पंचायत की ओर से अतिक्रमण हटाने के संबंध में पत्र मिले थे। इस पर टीम गठित कर पीडब्ल्यूडी की भूमि से अतिक्रमण हटवाया गया। जिला पंचायत के पत्र के संबंध में मौके पर नगर पंचायत और दुकानदारों ने जो कागजात दिखाए हैं, उनकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रजनीश बाजपेई ,उपजिलाधिकारी, महरौनी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X