रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
राजस्थान हाईकोर्ट का निर्देश:तीन महीने में होगा खारिया तालाब का संरक्षण और सुंदरीकरण – Rajasthan High Court Orders Khariya Pond Conservation Beautification In Three Months
जयपुर

राजस्थान हाईकोर्ट का निर्देश:तीन महीने में होगा खारिया तालाब का संरक्षण और सुंदरीकरण – Rajasthan High Court Orders Khariya Pond Conservation Beautification In Three Months

November 26, 2026


राजस्थान हाईकोर्ट ने डीडवाना के सालासर रोड स्थित खारिया तालाब के संरक्षण और सुंदरीकरण का काम तीन महीने के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया है। अदालत ने तालाब के किनारों पर सुंदर उद्यान विकसित करने को भी कहा है, ताकि जलस्रोत के आसपास हरियाली बढ़ाई जा सके। इसके साथ ही सभी कार्य पूरे होने के बाद हाईकोर्ट की रजिस्ट्री में अनुपालना रिपोर्ट पेश करनी होगी।

जनहित याचिका पर हाईकोर्ट ने दिया आदेश

न्यायमूर्ति विनीत कुमार माथुर और न्यायमूर्ति संदीप शाह की खंडपीठ ने उत्थान विधिक सहायता एवं सेवा संस्थान के अध्यक्ष सरवर खान की ओर से दायर जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। याचिका में राष्ट्रीय जल नीति 2012 का उल्लेख करते हुए खारिया तालाब के संरक्षण की मांग की गई थी।

याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया कि खारिया तालाब वर्षा जल संचयन का महत्वपूर्ण स्रोत है। ऐसे में जलस्रोत को प्रदूषण से बचाने और उसका संरक्षण करना जरूरी है।

तालाब में जाने वाले सीवरेज कनेक्शन काटे

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता ने अदालत को बताया कि तालाब के पानी को दूषित होने से बचाने के लिए उसमें जाने वाले सभी सीवरेज कनेक्शन काट दिए गए हैं। तालाब की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी निर्माण और सुंदरीकरण के काम के टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं।

तीन महीने बाद देनी होगी अनुपालना रिपोर्ट

सरकार की ओर से दी गई जानकारी को रिकॉर्ड पर लेते हुए हाईकोर्ट ने संरक्षण, चहारदीवारी निर्माण और सुंदरीकरण समेत सभी कार्य तीन महीने में पूरे करने का निर्देश दिया। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि तय समयसीमा पूरी होने के बाद हाईकोर्ट की रजिस्ट्री में अनुपालना रिपोर्ट अनिवार्य रूप से दाखिल करनी होगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X