रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Charkhi Dadri News:रोजगार मेले में 38 विद्यार्थियों को मिला नौकरी का ऑफर – 38 Students Received Job Offers At The Job Fair
चरखी दादरी

Charkhi Dadri News:रोजगार मेले में 38 विद्यार्थियों को मिला नौकरी का ऑफर – 38 Students Received Job Offers At The Job Fair

November 26, 2026


चरखी दादरी। पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 38 विद्यार्थियों को नौकरी का ऑफर दिया गया। मेले का उद्घाटन जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी ने किया। उन्होंने वोकेशनल एजुकेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। साथ ही कंपनियों के प्रतिनिधियों से जिले के विद्यार्थियों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर प्रदान करने का आह्वान किया।

जिला परियोजना संयोजक अलका की अध्यक्षता में आयोजित इस रोजगार मेले में 11 कंपनियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि रोजगारपरक शिक्षा आज की आवश्यकता है। उन्होंने साक्षात्कार देने पहुंचे विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम प्रभारी एपीसी कर्मवीर सिंह ने बताया कि जिले के 18 स्कूलों में नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) के तहत वोकेशनल एजुकेशन की पढ़ाई करवाई जाती है। इन स्कूलों से 12वीं कक्षा पास करने वाले 62 विद्यार्थी रोजगार मेले में पहुंचे। इनमें से 38 विद्यार्थियों को विभिन्न कंपनियों ने नौकरी का ऑफर दिया। अधिकारियों ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसक्यूएफ अध्यापिका प्रमिला, सरला, रिंपी, प्रीति फोगाट, सोनम, सुषमा, प्रीति सांगवान, सरोज, ज्योति, परमजीत, नरेश, संदीप, जोगेंद्र, सतीश, शुभम और कमलेश सहित डीपीसी कार्यालय से विकास, रमेश कुमार, दीपक कुमार व एनएसक्यूएफ कोऑर्डिनेटर ने सहयोग दिया। मंच संचालन डॉ. महेंद्र सिंह बीआरपी ने किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X