हाईवे निर्माण के दौरान घर के नीचे की गई कटिंग और सुरक्षा दीवार लगाने में देरी के बाद धर्मपुर के कुम्हारड़ा गांव में एक परिवार का आशियाना उजड़ गया। करीब डेढ़ महीने पहले मकान के नीचे कटिंग की गई थी, लेकिन लंबे समय तक सुरक्षा दीवार (डंगा) नहीं लगाई गई। अब जब डंगा लगाने के लिए नींव की खुदाई शुरू हुई तो मकान का एक हिस्सा ढह गया। इससे 55 वर्षीय शारदा देवी का परिवार बेघर हो गया है।
प्रभावित परिवार को राहत और न्याय दिलाने की मांग को लेकर धर्मपुर के कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर भी घर के बाहर धरने पर बैठ गए। परिवार का कहना है कि मकान को हुए नुकसान के बाद उन्हें जल्द मुआवजा दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपना घर बना सकें।
डेढ़ महीने पहले हुई थी घर के नीचे कटिंग
कुम्हारड़ा गांव में पिछले कई वर्षों से हाईवे निर्माण का काम चल रहा है। प्रभावित परिवार के बेटे आशीष कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले निर्माण कंपनी ने उनके घर के नीचे कटिंग की थी। उस समय जल्द ही सुरक्षा दीवार लगाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय तक काम शुरू नहीं हुआ। आशीष के अनुसार, परिवार की ओर से लगातार दबाव बनाने के बाद जब डंगा लगाने के लिए नींव की खुदाई शुरू की गई तो मकान का एक हिस्सा ढह गया। आशीष भारतीय सेना में कार्यरत हैं। परिवार अब जल्द मुआवजा देने की मांग कर रहा है, ताकि दोबारा अपना आशियाना बना सके।