पिथौरागढ़:बुंगबुंग में अब डेनमार्क की रेनबो ट्राउट का उत्पादन नहीं, स्थानीय ट्राउट मछली पर फोकस – Danish Rainbow Trout Will No Longer Be Produced In Bungbung In Pithoragarh
धारचूला के बुंगबुंग में डेनमार्क की ट्राउट मछली के उत्पादन की योजना खटाई में पड़ गई है। अब यहां डेनमार्क की नहीं बल्कि स्थानीय ट्राउट मछली का उत्पादन किया जाएगा। डेनमार्क की ट्राउट मछली के बीज को क्वारंटाइन करने की अनुमति न मिलने से यह योजना परवान नहीं चढ़ पाएगी।
मत्स्य विभाग डेनमार्क की रेनबो ट्राउट मछली का सीमांत जिले के बुंगबुंग में उत्पादन करने की योजना बना रहा था। इसके लिए बुंगबुंग में ही इस मछली के बीज को दो महीने के लिए क्वारंटाइन करना जरूरी था। इसके लिए केंद्रीय शीतजल मात्यिकी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक पानी का परीक्षण कर रहे थे।
विभाग के मुताबिक, पिथौरागढ़ जिले की दूरी अधिक होने से चलते बुंगबुंग में डेनमार्क की मछली को आयात कर क्वारंटाइन करना संभव नहीं है। ऐसे में यह योजना खटाई में पड़ गई है। अब बुंगबुंग में उत्तराखंड की ट्राउट मछली का ही उत्पादन करना विभाग के लिए मजबूरी है। हालांकि, विभाग का मानना है कि स्थानीय ट्राउट मछली के उत्पादन से क्षेत्र के लोगों को फायदा कम नहीं होगा।
बुंगबुंग में ट्राउट मछली के चार लाख बीज को रखा जाएगा क्वारंटाइन
धारचूला के बुंगबुंग में राज्य की ट्राउट मछली के लगभग चार लाख बीज को क्वारंटाइन किया जाएगा। इसके बाद ही मत्स्य पालकों को बीज उपलब्ध किए जाएंगे। इस योजना से लगभग 80 किसानों को लाभ पहुंचेगा। दिसंबर-जनवरी में विभाग को ट्राउट मछली के बीज उपलब्ध होंगे। इसके बाद ही बुंगबुंग में स्थानीय ट्राउट मछली के उत्पादन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
धारचूला के बुंगबुंग में अब डेनमार्क की रेनबो ट्राउट मछली का उत्पादन नहीं होगा। यहां के लोगों को राज्य की ट्राउट मछली के उत्पादन से जोड़ा जाएगा। हालांकि, भविष्य में निदेशालय की ओर से बुंगबुंग में डेनमार्क की ट्राउट मछली के बीज को क्वारंटाइन करने की अनुमति मिलने की उम्मीद है। – डॉ. रमेश चलाल, जिला मत्स्य अधिकारी, पिथौरागढ़
