भदोही। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय की ओर से बुधवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली निकाली गई। प्राचार्य प्रो. माया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। विद्यार्थियों ने रामरायपुर से इंदिरा मिल चौराहे तक राहगीरों, बाइक सवारों और ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
बिना हेलमेट बाइक चला रहे लोगों को नियमों के प्रति आगाह किया गया। कार चालकों को सीट बेल्ट बांधने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही लोगों को चालान के नियमों से भी अवगत कराया गया। रैली के दौरान सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने और मुहिम में शामिल होने की अपील की गई। लोगों से सड़क सुरक्षा संबंधी सावधानियों का अपने परिवार, रिश्तेदारों और समाज में प्रचार-प्रसार करने को कहा गया, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
रैली में गणित विभाग प्रभारी डॉ. विनोद कुमार भारती, शारीरिक शिक्षा प्रभारी ब्रिजेश कुमार, आईक्यूएसी प्रभारी रवींद्र कुमार पांडेय, अनीश कुमार मिश्र, डॉ. सुजीत कुमार सिंह, डॉ. शिखा तिवारी, डॉ. रुस्तम अली और डॉ. अंकिता तिवारी शामिल रहे।