Etawah News:दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, पत्नी व बेटा बाल-बाल बचे – Youth Killed In Collision Between Two Motorcycles; Wife And Son Have A Narrow Escape
भरथना। ऊसराहार मार्ग स्थित ग्राम भोली चौराहे के पास बुधवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटा बाल-बाल बच गए।
इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम रितौर निवासी सलमा ने बताया कि वह अपने पति बजरुद्दीन (38) और बेटे अरजान के साथ अपने मायके औरैया के थाना एरवाकटरा क्षेत्र स्थित ग्राम चपुन्ना गई थीं। वहां चालीसवें के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे बुधवार देर शाम बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ऊसराहार मार्ग पर ग्राम भोली चौराहे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
बजरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सलमा और उनके बेटे को मामूली खरोंचें आईं। बजरुद्दीन ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। राहगीरों की मदद से घायल बजरुद्दीन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बजरुद्दीन की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर क्राइम पुष्पेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दूसरे बाइक सवार का पता लगाया जा रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)
