रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:पूर्व प्रधान पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी को ग्रामीणों का प्रदर्शन – Villagers Protest, Demanding The Arrest Of Those Who Attacked The Former Village Head

November 26, 2026


अमरोहा। नौगावां सादात कोतवाली क्षेत्र के गांव हादीपुर कलां में पंचायत के दौरान कैलसा के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह पर हुए हमले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पूर्व प्रधान के परिजनों ने ग्रामीणों के साथ पुलिस कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने एसपी लखन सिंह यादव को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।

प्रदर्शन करने पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह गांव के ही असलम शाह की बेटी की ससुराल हादीपुर कलां में पंचायत में शामिल होने गए थे। वहां दंपती के बीच विवाद सुलझाने के लिए बातचीत चल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान लड़का पक्ष के कुछ लोगों ने कहासुनी के बाद एकराय होकर सुरेंद्र सिंह और उनके साथ मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडों से मारपीट की। हमले में सुरेंद्र सिंह के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी एक टांग की हड्डी भी टूट गई।

आरोप है कि हमलावरों ने उनके गले में पहनी सोने की चेन छीन ली और बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों को भी जमकर पीटा। घटना के दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हमलावरों में सपा का एक नेता भी शामिल था। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पंचायत में विवाद सुलझाने पहुंचे पूर्व प्रधान पर इस तरह हमला करना गंभीर मामला है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। एसपी को शिकायती पत्र सौंपने वालों में प्रीत, आदेश, नसरीन, शान मोहम्मद, अशरफ, फहीम, महमूद, राजेंद्र सिंह, दीपू, शेखर और इस्लाम उद्दीन मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X