रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
पूर्व फौजी और पत्नी की मौत:नगर निगम की गाड़ी ने उजाड़ दिया परिवार, मासूमों के आंसू नहीं थमे; चालक को जमानत – Driver Gets Bail After Municipal Jetting Vehicle Kills Ex-serviceman And Wife In Agra
फ़िरोज़ाबाद

पूर्व फौजी और पत्नी की मौत:नगर निगम की गाड़ी ने उजाड़ दिया परिवार, मासूमों के आंसू नहीं थमे; चालक को जमानत – Driver Gets Bail After Municipal Jetting Vehicle Kills Ex-serviceman And Wife In Agra

November 26, 2026


Driver Gets Bail After Municipal Jetting Vehicle Kills Ex-Serviceman and Wife in Agra

Agra Accident

विस्तार

आगरा के अर्जुन नगर में नगर निगम की सीवर जेटिंग मशीन से कुचलकर पूर्व फौजी और उनकी पत्नी की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। उनके मासूम बेटे और बेटी के आंसू नहीं रुक रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने शहरी सीमा में गाड़ी के संचालन की अनुमति देखने तक की जहमत नहीं उठाई। यही वजह रही कि चालक को एसीपी कोर्ट से जमानत मिल गई।

भरतपुर के रूपवास निवासी सुखविंदर सिंह (40) पूर्व सैनिक थे। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे वह पत्नी रेखा कुमारी को मिलिट्री अस्पताल में दिखाने के लिए घर से निकले थे। उनकी 13 वर्षीय बेटी सौम्या और 11 वर्षीय बेटा आरव घर पर थे। पिता ने बच्चों से कहा था कि एक घंटे में आ जाएंगे। अर्जुन नगर में जावित्री देवी अस्पताल के सामने नगर निगम के लिए काम करने वाली कंपनी की जेटिंग मशीन वाली गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दंपती की मौत हो गई।

माता-पिता के इंतजार में बैठे बच्चों को घटना की जानकारी हुई तो वो बिलख पड़े। परिजन ने किसी तरह संभाला। मंगलवार रात पोस्टमार्टम के बाद दंपती के शव घर पहुंचे तो बच्चों को रोता देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। बुधवार को दोनों का अंतिम संस्कार पैतृक गांव रूपवास में किया गया। सुखविंदर के बड़े भाई पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि परिवार ने गांव में अंतिम संस्कार किया है। प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने टैंकर चालक रियाजुद्दीन को पकड़ लिया था। पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया भी था।

डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि प्राथमिकी में लगी धारा में सात साल से कम सजा का प्रावधान है। वाहन को सीज कर दिया गया है। घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी को एसीपी कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उसे जमानत मिल गई। वहीं नगर निगम से अनुमति के संबंध में साक्ष्य लिए जाएंगे। अगर अनुमति के बिना वाहन चल रहा होगा तो धारा बढ़ाई जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X