Balrampur News:सड़क हादसों में दो लोग घायल – Two People Injured In Road Accidents
गैसड़ी। क्षेत्र में बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोग घायल हो गए। पहली घटना में बाइक और कार की आमने-सामने टक्कर में युवक का पैर टूट गया। दूसरी घटना में ई रिक्शा का पहिया निकलने से वाहन पलट गया और चालक घायल हो गया।
पहली घटना कोतवाली गैसड़ी क्षेत्र के पचपेड़वा मार्ग पर हुई। कोहड़ौरा (बंजरिया) निवासी 26 वर्षीय अंकित बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे बाइक से पचपेड़वा की ओर से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही ऑल्टो कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका पैर टूट गया। परिजन उन्हें निजी वाहन से इलाज के लिए बलरामपुर ले गए। कार महफूज रहमान निवासी आजमडीह, पचपेड़वा चला रहे थे। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
दूसरी घटना एनएच-730 पर पचपेड़वा और रामनगर के बीच हुई। यहां चलते समय अचानक पहिया निकलने से ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक समीम निवासी मनकापुर, कोतवाली गैसड़ी घायल हो गए। लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सीएचसी पचपेड़वा पहुंचाया।सीओ अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
