Ballia News:शादी में खाना खाने के लिए दो पक्षों में मारपीट, 19 घायल – Clash Between Two Groups Over Food At A Wedding; 19 Injured
रसड़ा (बलिया)। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के रौराचवर गांव में शादी समारोह के दौरान खाना खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद दूसरे दिन हिंसक झड़प में बदल गया। बुधवार को दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और ईंट-पत्थर फेंके गए।
मारपीट में दोनों पक्षों के 19 महिला-पुरुष घायल हो गए। इनमें 12 की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि रौराचवर गांव निवासी श्यामलाल यादव की बेटी की शादी में मंगलवार रात बरात आई थी। समारोह के दौरान खाना खाने को लेकर युवकों के दो पक्षों में कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा और मारपीट की स्थिति बन गई, लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया और दोनों पक्षों के लोग अपने-अपने घर चले गए थे।
बुधवार को उसी पुराने विवाद को लेकर एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई।
दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हमला करने के साथ एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंकने लगे। इस दौरान महिला और पुरुष दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर रसड़ा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार और परीक्षण के बाद 12 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कोतवाल कौशल पाठक ने बताया कि शादी में खाना खाने को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद दूसरे दिन दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। संदीप की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
