Etawah News:रिव्यू के नाम पर टीमों ने पूरा किया कोरम – Teams Met The Quorum In The Name Of A Review
इटावा। राज्य स्तरीय रिव्यू टीम को जिला अस्पताल, 50 शैया अस्पताल समेत सीएचसी-पीएचसी का आठ बिंदुओं पर निरीक्षण कर शासन को रिपोर्ट भेजनी थी। रिव्यू टीम ने 21 से 23 नवंबर तीन दिनों तक जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी-पीएचसी का निरीक्षण किया। सूत्रों के मुताबिक टीम ने मैन पॉवर समेत छोटी-छोटी कमियों को नोट कर उसे पोर्टल पर अपलोड कर दिया। सीएचसी-पीएचसी पर कोई खास कमी नहीं दिखी, जबकि अस्पतालों की अव्यवस्था से मरीज परेशान रहते हैं। खास बात यह कि टीम ने 50 शैय्या अस्पताल बकेवर का निरीक्षण ही नहीं किया।
बकेवर में नहीं पहुंची टीम
बकेवर। कस्बे में 50 शैया का अस्पताल बना है। राज्य स्तरीय रिव्यू टीम को इस अस्पताल का भी निरीक्षण करना था। लेकिन टीम यहां पहुंची ही नहीं। यहां डॉक्टरों की कमी काफी समय से चली आ रही है। इसकी वजह से मरीजों को परेशान होना पड़ता है। टीम न आने से यहां की रिपोर्ट शासन तक नहीं पहुंच सकेगी।
फोटो : पीएचसी बहादुरपुर में बाहर से पानी भरकर लाते कर्मी। संवाद
सीन-1
पीएचसी में खून-शुगर की नहीं शुरू हो सकी जांच
लवेदी। राज्य स्तरीय रिव्यू टीम ने रविवार को पीएचसी बहादुरपुर का निरीक्षण किया था। इस दौरान लैब में खून, शुगर व अन्य जरूरी जांचों की सुविधा नहीं मिली थी। टीम ने स्वास्थ्य अधिकारियों को जांच शुरू कराने के निर्देश दिए थे। तीन दिन बीत जाने के बाद अब तक जांच शुरू नहीं हो सकी। इसकी वजह से मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है। पीएचसी में सफाई व पानी की व्यवस्था भी बदहाल है। टीम ने इसको दुरुस्त कराने के निर्देश दिए थे। लेकिन हालात जस के तस हैं।
फोटो : सीएचसी उदी में बंद पड़ा ऑक्सीजन प्लांट। संवाद
सीन-2
सीएचसी उदी में बंद पड़ा ऑक्सीजन प्लांट
उदी। सीएचसी उदी में ऑक्सीजन प्लांट चालू होने के बाद भी नियमित नहीं चल पा रहा है। ऑक्सीजन प्लांट ज्यादातर बंद रहता है। राज्य स्तरीय टीम ने इसको नियमित चालू करने के निर्देश दिए थे। वहीं, सीएचसी उदी में छह की जगह दो एमबीबीएस डॉक्टर हैं जबकि विशेषज्ञ डॉक्टर न होने से मरीजों को जिला अस्पताल या सैफई रेफर कर दिया जाता है।
फोटो : सीएचसी बसरेहर में गंदगी के बीच लगा हैंडपंप। संवाद
सीन-3
सीएचसी बसरेहर में गंदगी का अंबार
बसरेहर। राज्य स्तरीय टीम ने सीएचसी बसरेहर का निरीक्षण किया था। टीम को सीएचसी में गंदगी का अंबार मिला था। तीन दिन बीत जाने के बाद भी सीएचसी के हालात नहीं बदले। यहां गंदगी की जस की तस पड़ी हुई है। इसकी वजह से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
रिव्यू टीम को इन बिंदुओं पर करनी थी पड़ताल
अस्पताल में कितने पद स्वीकृत हैं, कितने खाली पड़े हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन प्लांट चालू या बंद है। अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, कौन-कौन सी दवाओं की कमी है, कौन-कौन जांचें हो रही हैं, कौन सी जांचें बंद हैं। अस्पताल में कितने मरीज हर रोज आते हैं, कितने रेफर होते हैं। अस्पताल में पानी व सफाई की कैसी व्यवस्था है।
वर्जन
राज्य स्तरीय टीम ने तीन दिनों तक अस्पतालों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने कमियों को नोट कर उसे पोर्टल पर भर दिया था। साथ ही जिला स्तर से ठीक होने वाली व्यवस्थाएं दुरुस्त कराए जाने के लिए स्थानीय अफसरों से कहा गया था। अगर व्यवस्थाएं अब तक ठीक नहीं हुई हैं, तो जिम्मेदार अफसर से जवाब मांगा जाएगा।
-डॉ. प्रदीप गुप्ता, डिप्टी सीएमओ
