रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुशीनगर

Kushinagar News:27 लाख रुपये से बनेगी न्यू मुसहर कॉलोनी – New Musahar Colony To Be Built At A Cost Of Rs 27 Lakh

November 26, 2026


सांसद, विधायक और ब्लॉक प्रमुख ने भूमि पूजन कर किया शिलान्यास, मुसहर समाज के परिवारों को मिलेगा आवास

मंसाछापर। ब्लॉक के सिंघापट्टी गांव में प्रस्तावित न्यू मुसहर कॉलोनी के निर्माण का बृहस्पतिवार को सांसद विजय कुमार दुबे, सदर विधायक मनीष जायसवाल और ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव ने भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस दौरान मुसहर समाज के 18 लाभार्थी परिवारों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। ग्राम पंचायत की कार्यदायी संस्था के माध्यम से करीब 27 लाख रुपये की लागत से कॉलोनी का निर्माण कराया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि न्यू मुसहर कॉलोनी की पहल समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को सम्मानजनक आवास और सुरक्षित भविष्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार वंचित और जरूरतमंद वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

सदर विधायक मनीष जायसवाल ने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जरूरतमंद परिवारों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देना उनका संकल्प है। अंत्योदय के माध्यम से आत्मनिर्भर और समावेशी समाज का निर्माण सरकार की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम को ब्लॉक प्रमुख विंध्यवासिनी श्रीवास्तव, वरिष्ठ भाजपा नेता नथुनी कुशवाहा और मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। संचालन प्रशासक गंभरिया बबलू कुशवाहा ने किया। प्रधान प्रतिनिधि भीम सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार जताया।

इस दौरान परियोजना निदेशक पीयूष सिंह, डीसी मनरेगा राकेश कुमार, खंड विकास अधिकारी विशुनपुरा, तहसीलदार देवेंद्र यादव, राधेश्याम दीक्षित, मंडल अध्यक्ष राजकुमार चौहान, अमरनाथ प्रजापति मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X