रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
लुधियाना

Ludhiana News:लुधियाना में पांच वर्षीय मासूम से अश्लील हरकत का आरोप, पुलिस कर ही जांच – A Five-year-old Child Victim Of Obscene Behavior, Police To Investigate

November 26, 2026


तीन दिन से एफआईआर नहीं, पुलिस का इन्कार

संवाद न्यूज एजेंसी

लुधियाना। शेरपुर इलाके में एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची से अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि तीन बच्चों के पिता एक पड़ोसी ने बच्ची से यह घिनौनी वारदात की। वे तीन दिनों से थाना मोती नगर में न्याय मांग रहे हैं पर पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।

तीन दिन पूर्व जब पीड़ित बच्ची के माता-पिता व दादी काम पर थे, तभी यह घटना हुई। उत्तर प्रदेश निवासी आरोपी युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर कमरे में ले गया। उसने कुंडी लगाकर बच्ची से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।आरोपी की पत्नी उस समय गांव गई हुई थी। बच्ची ने डांट के डर से मां को नहीं बताया पर दो दिन बाद दादी को रोते हुए आपबीती सुनाई। परिजनों ने थाना मोती नगर पहुंचकर शिकायत की पर पुलिस ने उन्हें अगले दिन आने को कहा। अगले दिन थाने पहुंचने पर पीड़ित परिवार को धूप में बिठाया गया जबकि आरोपी पक्ष पहले से थाने में था।

पुलिस के रवैये से आहत परिजनों ने समाजसेवी बाबा कुलविंदर सिंह से मदद मांगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मासूम से दरिंदगी के बावजूद तीन दिन तक एफआईआर दर्ज न होना गलत है। उन्होंने डीजीपी और पुलिस आयुक्त से आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने और मकान मालिक पर भी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का स्पष्टीकरण

इस पूरे प्रकरण पर थाना मोती नगर के एसएचओ जसपाल सिंह ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है और एक महिला इंस्पेक्टर द्वारा गहन जांच की गई है। एसएचओ के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह विवाद आपसी पैसों के लेन-देन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में तलब किया है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X