रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Chamba News:राख के ढेर के बीच रह गईं बचाने की कोशिशें – Efforts To Save [it] Ended Up Amidst A Pile Of Ashes
चंबा

Chamba News:राख के ढेर के बीच रह गईं बचाने की कोशिशें – Efforts To Save [it] Ended Up Amidst A Pile Of Ashes

November 26, 2026


नंगे पांव बाल्टियां लेकर लपटों से भिड़े लोग, कोई पानी ढोता रहा तो कोई सामान बचाने दौड़ा

चीखों और आंसुओं के बीच रातभर जारी रही जद्दोजहद, आंखों के सामने जलती रहीं बरसों की कमाई और आशियाने

दिनेश राणा

संघणी (चंबा)। बुधवार रात संघणी बाजार में आग की लपटें उठीं तो लोग अपनी जान की परवाह किए बिना उन्हें रोकने के लिए दौड़ पड़े। किसी ने चप्पल पहनने तक की सुध नहीं ली तो कोई बच्चों और परिवार को सुरक्षित करने के बाद दुकानों-मकानों को बचाने में जुट गया।

देखते ही देखते बाजार चीखों, पुकार और अफरा-तफरी से गूंज उठा। जिन दुकानों से परिवारों की रोजी-रोटी चलती थी, वे आंखों के सामने धू-धू कर जल रही थीं।

प्रभावित रणधीर सिंह, लेखराज, अशोक, नरेंद्र और कमलेश सहित अन्य दुकानदार अपनी बरसों की मेहनत बचाने के लिए आग के करीब तक पहुंच गए। कोई सामान बाहर निकालने की कोशिश कर रहा था तो कोई लपटों को रोकने में जुटा था। ग्रामीणों ने संघणी नाले से बाल्टियों, टबों और दूसरे बर्तनों में पानी भरकर घटनास्थल तक पहुंचाया। किसी ने पानी डाला तो किसी ने बाल्टी संभाली। कुछ लोगों ने मिट्टी डालकर भी आग रोकने का प्रयास किया। आग की तपिश और धुएं के बीच लोग बार-बार घटनास्थल की ओर दौड़ते रहे।

इस दौरान एक महिला की चीख-पुकार पूरे बाजार में गूंजती रही। अपनी दुकान और बरसों का कारोबार जलता देख एक व्यक्ति भी आंसू नहीं रोक पाया। हर कोई एक-दूसरे का हाथ बंटाकर आग को आसपास फैलने से रोकना चाहता था, लेकिन लपटें लगातार विकराल होती गईं। रातभर की मशक्कत के बावजूद लोगों की कोशिशें आग के सामने बेअसर साबित हुईं।

सुबह तक कई दुकानें और मकान राख के ढेर में बदल चुके थे। रातभर बाल्टियों से आग से लड़ने वालों के हाथों में अब मलबा रह गया था। किसी के सामने रोजी-रोटी दोबारा खड़ी करने की चिंता है तो किसी को परिवार के लिए छत जुटानी है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X