बलिया। ददरी मेले की ऐतिहासिक चेतक प्रतियोगिता को लेकर नगर पालिका परिषद और प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है। 29 नवंबर को होने वाले इस रोमांचक मुकाबले के लिए नंदी ग्राम और मीना बाजार के बीच स्थित मैदान को तैयार किया जा रहा है। बृहस्पतिवार से मैदान की सफाई शुरू करा दी गई।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल ने बताया कि चेतक प्रतियोगिता 29 नवंबर को सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
नगर पालिका के मेला कार्यालय में प्रतियोगिता में शामिल होने वाले घोड़ों का पंजीकरण भी शुरू हो गया है। प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए बुलेट मोटरसाइकिल, उपविजेता के लिए बाइक और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी के लिए स्कूटी पुरस्कार स्वरूप रखी गई है। आयोजकों को प्रतियोगिता में करीब 10 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
मैदान की सफाई के दौरान सफाईकर्मी प्लास्टिक समेत अन्य कचरा हटाने में जुटे रहे। सफाई का काम पूरा होने के बाद बैरिकेडिंग और दर्शक दीर्घा बनाने का काम शुरू किया जाएगा। प्रतियोगिता को देखने के लिए बिहार समेत आसपास के लोग पहुंचते हैं।