बिहार:मुजफ्फरपुर नगर निगम की बैठक में फिर हंगामा, मेयर पर मनमानी का आरोप; विकास के मुद्दे रह गए पीछे – Muzaffarpur Bihar News :municipal Board Meeting Falls Uproar Meeting Called Off Three Hours Of Wrangling
मुजफ्फरपुर में गुरुवार को नगर निगम बोर्ड की स्थगित बैठक एक बार फिर हंगामे की भेंट चढ़ गई। नगर निगम सभागार में 26 नवंबर को हुई बैठक की शुरुआत ही पार्षदों के विरोध और नारेबाजी से हुई। स्टैंडिंग कमेटी के सातों सदस्यों ने अपने तीन प्रस्ताव एजेंडे में शामिल नहीं किए जाने पर जमकर नाराजगी जताई।
वहीं, अन्य पार्षदों ने भी उनका समर्थन करते हुए मेयर निर्मला साहू पर मनमानी करने और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को दबाने का आरोप लगाया। करीब दो घंटे तक चली खींचतान के बाद बैठक फिर स्थगित कर दी गई। इस दौरान जनता की समस्याओं और विकास योजनाओं पर कोई ठोस चर्चा नहीं हो सकी।
बैठक को लेकर नगर निगम के वार्ड 28 के पार्षद सह स्टैंडिंग कमेटी सदस्य राजीव कुमार पंकज ने कहा कि पार्षदों की ओर से नियमानुसार तीन प्रस्ताव दिए गए थे। उनका कहना था कि नगर निगम अधिनियम की धारा 49 और 58 के प्रावधानों के अनुसार, बैठक से 48 घंटे पहले नगर आयुक्त और नगर सचिव को प्रस्ताव देने पर उसे बैठक के एजेंडे में शामिल किया जाना चाहिए। इसके बावजूद मेयर ने प्रस्ताव रखने से इनकार कर दिया।
उन्होंने बताया कि पहला प्रस्ताव उन वार्डों की 50 लाख रुपये की योजनाओं से संबंधित था, जिनकी लागत बढ़कर 51 से 55 लाख रुपये तक पहुंच गई है। ऐसे कार्यों को पूरा कराने के लिए अतिरिक्त राशि का प्रावधान करने की मांग की गई थी। दूसरा प्रस्ताव प्रत्येक वार्ड में पार्षदों से 15 लाख रुपये तक की अति आवश्यक योजनाओं की सूची लेकर उन्हें स्वीकृति देने से जुड़ा था। वहीं, तीसरा प्रस्ताव उन वार्डों में पाइपलाइन और नल-जल की सुविधा उपलब्ध कराने से संबंधित था, जहां अब तक नगर निगम का पानी नहीं पहुंचा है, जबकि लोग पानी का टैक्स दे रहे हैं।
राजीव कुमार पंकज ने आरोप लगाया कि मेयर की मनमानी के कारण शहर का विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि मेयर की ओर से रखे गए पांच प्रस्तावों को करीब 30 पार्षदों ने हाथ उठाकर बहुमत से खारिज कर दिया। अब इन तीनों प्रस्तावों पर चर्चा के लिए विशेष बैठक बुलाने की मांग की गई है।
ये भी पढ़ें- बिहार: आनंद मोहन की रिहाई रद्द, एक महीने में करना होगा सरेंडर; 32 साल पुराने इस हत्याकांड की फिर से उठी चर्चा
वहीं, मेयर निर्मला साहू ने कहा कि बैठक स्थगित थी, इसलिए इसमें नए प्रस्ताव शामिल नहीं किए जा सकते थे। उन्होंने बताया कि आईओसीएल से संबंधित प्रस्ताव पहले भी लाया गया था और दोबारा उसे एजेंडे में रखा गया था। इसके साथ ही गोबरसही में हुई गैस पाइपलाइन की घटना को देखते हुए यह प्रस्ताव शहर की सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण था। इसके अलावा स्वच्छता और पहले से निर्धारित एजेंडों पर भी चर्चा होनी थी, लेकिन पार्षदों के विरोध के कारण बैठक सुचारू रूप से नहीं चल सकी।
मेयर ने कहा कि सभी एजेंडों पर चर्चा के लिए विशेष बैठक की तारीख तय की जाएगी। उन्होंने पार्षदों से शहर के विकास और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने की अपील की।

निगम बोर्ड बैठक हंगामा

निगम बोर्ड बैठक हंगामा
