Sirsa News:ड्रोन उद्यमी योजना से स्वरोजगार से जुड़ेंगे अनुसूचित जाति वर्ग के युवा – Youth From The Scheduled Caste Category Will Engage In Self-employment Through The Drone Entrepreneur Scheme
हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की ओर से अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ड्रोन उद्यमी योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से युवाओं को आधुनिक ड्रोन तकनीक से जोड़कर स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। योजना के तहत युवा कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन सेवाएं प्रदान कर अपनी आजीविका अर्जित कर सकेंगे।
हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के क्षेत्रीय अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार ऋण और वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही युवाओं को ड्रोन संचालन एवं तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे, ताकि वे आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर अपना उद्यम शुरू कर सकें। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में कृषि, निर्माण, सर्वेक्षण और आधारभूत संरचना सहित कई क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में युवाओं के लिए इस क्षेत्र में स्वरोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं।
कृषि से लेकर निर्माण क्षेत्र तक मिलेंगे व्यवसाय के अवसर
क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि ड्रोन उद्यमी योजना के तहत कृषि कार्यों में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशकों एवं उर्वरकों का छिड़काव करने के साथ कृषि भूमि का सर्वेक्षण और डिजिटल मैपिंग जैसी सेवाएं शुरू की जा सकती हैं। इसके अलावा भूमि एवं संपत्ति सर्वेक्षण, निर्माण कार्यों और आधारभूत संरचना परियोजनाओं में ड्रोन सेवाएं उपलब्ध करवाने के अवसर भी शामिल हैं। ऊर्जा एवं विद्युत लाइनों के निरीक्षण सहित अन्य अनुमोदित ड्रोन आधारित व्यावसायिक गतिविधियों के माध्यम से भी युवा अपना रोजगार स्थापित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस दौर में ड्रोन सेवाओं की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। कृषि क्षेत्र में ड्रोन के इस्तेमाल से किसानों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ युवाओं को भी व्यवसाय के नए अवसर मिल सकते हैं। इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।
पात्रता के अनुसार मिलेगा ऋण, अनुदान और प्रशिक्षण
संजय कुमार ने बताया कि हरियाणा के अनुसूचित जाति वर्ग के ऐसे युवा, जो योजना की निर्धारित पात्रता एवं शर्तों को पूरा करते हैं, इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत ऋण, अनुदान, प्रशिक्षण एवं अन्य वित्तीय लाभ निर्धारित दिशा-निर्देशों और पात्रता के अनुसार प्रदान किए जाएंगे। इससे युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग मिल सकेगा।
उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र युवाओं से आह्वान किया कि वे ड्रोन उद्यमी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आधुनिक तकनीक को रोजगार का माध्यम बनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। इच्छुक युवा योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं अन्य विस्तृत जानकारी के लिए हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त निगम के जिला कार्यालय में संपर्क करके भी योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
