दिव्यांग छात्रावास में छात्रों से स्कूटी धुलवाने का वीडियो वायरल, विभाग ने अधीक्षिका को नोटिस देकर मांगा जवाब – Divyang Students Forced To Wash Superintendent’s Scooty At Umang School, Dingapur; Two Videos Viral,issues Not
कोरबा शहर के डिंगापुर क्षेत्र में संचालित उमंग 50 सीटर दिव्यांग विद्यालय सह छात्रावास से जुड़ा एक बेहद शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिव्यांग छात्र अधीक्षक की स्कूटी धोते हुए नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद विद्यालय की अधीक्षक मीना सोनी की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि उमंग विशेष विद्यालय से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं। पहले वीडियो में एक दिव्यांग बच्चा स्कूटी धोता दिख रहा है, वहीं दूसरे वीडियो में स्कूल ड्रेस पहने दो बच्चे स्कूटी की सफाई करते नजर आ रहे हैं। आरोप है की छात्रों से लगभग रोजाना अपने निजी दुपहिया वाहन की धुलाई और सफाई कराई जाती है। उमंग विशेष विद्यालय सह छात्रावास में करीब 50 दिव्यांग छात्र अध्ययनरत और निवासरत हैं, जो पूरी तरह से संस्था पर निर्भर हैं।
उमंग विशेष विद्यालय सह छात्रावास का संचालन समाज कल्याण विभाग, कोरबा द्वारा किया जाता है। ऐसे में शासकीय संस्था में दिव्यांग बच्चों से निजी काम कराए जाने का मामला सामने आने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। दिव्यांग बच्चों के अधिकारों और उनकी गरिमा से जुड़ा यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है।
मामले से संबंधित वीडियो सामने आने के बाद समाज कल्याण विभाग ने इसे गंभीरता से लिया है। विभाग के अधिकारी हरीश सक्सेना ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद अधीक्षक मीना सोनी को कार्यालय बुलाकर पूछताछ की गई। अधीक्षिका ने सफाई में कहा कि कूट रचना के तहत कुछ कर्मचारियों द्वारा ही बच्चों से उसकी गाड़ी धुलवाई गई और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि फिलहाल अधीक्षिका मीना सोनी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब आने और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि यदि आरोप सही पाए गए तो सख्त कदम उठाए जाएंगे।

उमंग दिव्यांग विद्यालय में शर्मनाक करतूत,दिव्यांग बच्चों से गाड़ी धुलाई

उमंग दिव्यांग विद्यालय में शर्मनाक करतूत,दिव्यांग बच्चों से गाड़ी धुलाई
