Panchkula News:60 साल तक गिरवी जमीन पर कब्जा रखने से कोई मालिक नहीं बन जाता – Holding Possession Of Mortgaged Land For 60 Years Does Not Make One The Owner
चंडीगढ़। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि किसी की जमीन गिरवी रखकर उस पर 60 साल या इससे भी अधिक समय तक कब्जा बनाए रखने से कोई व्यक्ति उसका मालिक नहीं बन सकता। केवल लंबे समय तक कब्जा रहने से जमीन का मालिकाना हक नहीं मिलता। जमीन गिरवी रखने वाले मूल मालिक का उसे वापस लेने का अधिकार भी सिर्फ समय बीतने से खत्म नहीं होता।
जस्टिस अमरिंदर सिंह ग्रेवाल की पीठ ने पंजाब सरकार की ओर से दायर दो अपीलों पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया। मामला पटियाला जिले की घनौर तहसील के गांव तोरण की 44 बीघा छह बिस्वा जमीन से जुड़ा है। हाईकोर्ट ने सरकार की अपीलों को आंशिक रूप से स्वीकार करते हुए निचली अदालत का फैसला रद्द कर मामले में दोबारा सुनवाई के निर्देश दिए।
1893 में 300 रुपये लेकर गिरवी रखी थी जमीन
जमीन के मूल मालिक ने वर्ष 1893 में 300 रुपये लेकर अपनी 44 बीघा छह बिस्वा जमीन गिरवी रखी थी। समझौते के तहत जमीन पर कब्जा लेने वाले व्यक्ति को उसकी फसल और अन्य आमदनी का लाभ मिलता था। बाद में जमीन सरकारी घोषित कर दी गई। राजस्व रिकॉर्ड में पंजाब सरकार का नाम मालिक के तौर पर दर्ज हो गया जबकि जमीन पर पहले से कब्जा रखने वाले लोगों को गिरवीदार के रूप में दर्ज किया गया।
1994 में नोटिस मिलने पर कब्जाधारियों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया
वर्ष 1994 में तहसीलदार ने जमीन खाली करने का नोटिस जारी किया तो कब्जाधारियों ने अदालत में याचिका दायर कर दी। उनका तर्क था कि जमीन छुड़ाने की तय समय सीमा 1953 में ही खत्म हो चुकी है इसलिए अब वे ही जमीन के मालिक हैं। निचली अदालत ने 1997 में कब्जाधारियों के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बाद जिला अदालत ने भी 1998 में सरकार की अपील खारिज कर दी।
गिरवी की रकम चुकाने की पेशकश के बिना शुरू नहीं होती समय सीमा
हाईकोर्ट ने कहा कि इस तरह की गिरवी में जमीन पर कब्जा लेने वाला व्यक्ति उसकी फसल और दूसरी आमदनी का लाभ जरूर उठाता है लेकिन इससे उसे जमीन का मालिकाना हक नहीं मिल जाता। जब तक जमीन का मूल मालिक गिरवी की रकम चुकाने या अदालत में जमा कराने की पेशकश नहीं करता, तब तक जमीन छुड़ाने के अधिकार की समय सीमा शुरू नहीं होती।
