रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
चीनी-तेल-नमक, पैकेट के सामने नजर आएगा सब… अनहेल्दी खाने पर लाल निशान, क्‍या है फूड-लेबलिंग का पूरा विज्ञान
नॉलेज

चीनी-तेल-नमक, पैकेट के सामने नजर आएगा सब… अनहेल्दी खाने पर लाल निशान, क्‍या है फूड-लेबलिंग का पूरा विज्ञान

November 27, 2026


अब भारत में पैकेज्‍ड फूड के फ्रंट साइड पर पोषण से जुड़ी वॉर्न‍िंग लगाना जरूरी हो गया है. ये फैसला सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को सुनाया है. अब प्रोडक्ट में मौजूद हाई-फैट, हाई-शुगर या हाई-सॉल्ट की जानकारी पैकेट के फ्रंट साइट पर ही देनी होगी. इसी आदेश के साथ अब भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) सिंगल-फेज फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग सिस्टम पूरे देश में लागू करने वाला है. इतना ही नहीं, अब बच्‍चों को न्‍यूट्र‍िशनल ल‍िटरेसी के बारे में भी पढ़ाए जाने के निर्देश द‍िए हैं. ये फैसला कई मायनों में अहम है. खासकर तब जब भारत ‘डायब‍िटीज का गढ़’ बनता जा रहा है और देश में बच्‍चों में मोटापा एक बड़ी परेशानी बनता जा रहा है. ऐसे में इन दोनों खतरों के ल‍िए बेहद जरूरी है कि पैकेज्‍ड फूड के भीतर छ‍िपे खतरों को खुलकर ग्राहकों के सामने रखा जाए, ताकि वह सही खाद्य पदार्थों का चुनाव कर सकें.

पर इसके साथ ही सवाल उठता है कि इससे पहले भी पैकेज्‍ड फूड के पैकेट फूड पर न्‍यूट‍िशनल वेल्‍यू टेबल में ल‍िखी आ रही थी. तो आखिर इस फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग सिस्टम से क्‍या बदलने वाला है और ये बदलाव इतना अहम क्‍यों है? आखिर फूड लेबल‍िंग का साइंस क्‍या है? क्‍यों क‍िसी पैकेट पर लाल रंग का न‍िशान देख हमारा हाथ रुक जाता है?

आखिर इस फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग सिस्टम से क्‍या बदलने वाला है और ये बदलाव इतना अहम क्‍यों है?

फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग सिस्टम क्‍या है?
इसके नाम से ही समझ लीज‍िए, फ्रंट-ऑफ-पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (FOPNL) यानी क‍िसी भी पैकेट के सामने ही साफ शब्‍दों में न्‍यूट्रिशन से जुड़ी जानकारी देना. इससे ग्राहक के ल‍िए यह समझना बेहद आसान हो जाता है कि खरीदी जा रही चीज में क‍ितना पोषण है या नहीं ताकि वह हेल्‍दी ऑप्‍शन चुनें. न्‍यूट्र‍िशनल टेबल, जो अभी पैकेट के पीछे होती है कई बार उसे समझना आसान नहीं होता. खासकर बच्‍चे जब कोई च‍िप्‍स, ब‍िस्क‍िट या चीजें खरीदते हैं तो उनके ल‍िए न्‍यूट्र‍िशन को समझना मुश्किल होता है. ऐसे में पैकेट के सामने ही ल‍िखा है ‘हाई शुगर’ तो ये चुनना आसान हो जाता है कि इस चीज को खाना है या नहीं.

भारत में लागू होने वाली व्‍यवस्‍था में पैकेट के सामने लाल रंग का हैक्‍सागोन बॉक्‍स होगा ज‍िसपर साफ शब्‍दों में ल‍िखा होगा ‘हाई शुगर’ या ‘हाई सॉल्‍ट’ या ‘हाई इन फैट’. अगर किसी उत्पाद में तीनों पोषक तत्व निर्धारित सीमा से ज्यादा हैं, तो तीन अलग-अलग चेतावनी चिह्न लगाने होंगे. इन्हें एक ही निशान में मिलाकर नहीं दिखाया जा सकेगा. FSSAI को लगभग चार महीने के भीतर फ्रंट-ऑफ-पैक लेबलिंग का फ्रेमवर्क तैयार करना है.

इस लेबल‍िंग में क्‍यों चुना गया है लाल रंग और हेक्‍सागोन बॉक्‍स?
लाल रंग आमतौर पर खतरे, सावधानी और रुकने का संकेत देता है. साथ ही यह रंग काफी दूर से ही नजर आता है. ऐसे में पैकेट पर इस रंग का इस्‍तेमाल चेतावनी को साफ और नजर में लाएगा. खाने के पैकेट पर लाल चेतावनी देखकर ग्राहक को समझ आ सकता है कि उस उत्पाद में किसी खास पोषक तत्व की मात्रा अधिक है. इसे विज्ञान की भाषा में Interpretive Front-of-Pack Labelling कहते हैं. यानी ऐसा लेबल जो केवल आंकड़े न बताए, बल्कि उनका मतलब भी समझाए. जैसे अभी की ल‍िस्‍ट के हिसाब से पैकेट के पीछे लिखा हो सकता है कि 100 ग्राम उत्पाद में 25 ग्राम शुगर है. लेकिन हर ग्राहक के ल‍िए यह समझना मुकिश्‍ल है कि चीनी की यह मात्रा ज्यादा है या कम. इसके बजाय सामने HIGH SUGAR लिखा हो, तो संदेश तुरंत समझ में आ जाता है.

क्‍यों एडेड शुगर नहीं, टोटल शुगर पर जोर?
कोर्ट ने सिर्फ Added Sugar और Added Fat के आधार पर चेतावनी तय करने के बजाय Total Sugar और Saturated Fat को आधार बनाने के निर्देश दिए हैं. नमक भी इसमें शामिल रहेगा. Added Sugar का मतलब है खाद्य पदार्थ बनाते समय बाहर से मिलाई गई चीनी. जबकि Total Sugar में उत्पाद में मौजूद कुल शुगर शामिल होती है. इसमें प्राकृतिक रूप से मौजूद शुगर भी आ सकती है. यही वजह है कि सिर्फ Added Sugar देखने से किसी उत्पाद की कुल शुगर का पूरा अंदाजा नहीं मिलता. सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को इन पोषक तत्वों की सीमा नए सिरे से वैज्ञानिक आधार पर तय करने को कहा है.

क्‍या है लेबल‍िंग का विज्ञान
फूड लेबलिंग का उद्देश्य सिर्फ लोगों को पैकेट पर लिखी सामग्री बताना नहीं है. इसका बड़ा मकसद लोगों को ऐसे खाद्य पदार्थों की पहचान करने में मदद करना है जिनका नियमित और ज्यादा सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है. जैसे 2022 में Nutrients जर्नल में प्रकाशित एक रिसर्च में भारत के छह राज्यों के 2,869 लोगों को शामिल किया गया. शोधकर्ताओं ने पांच तरह की फूड लेबलिंग का परीक्षण किया, इनमें चेतावनी वाला लेबल, हेल्थ स्टार रेटिंग, ट्रैफिक लाइट सिस्टम और पोषण संबंधी आंकड़ों वाले लेबल शामिल थे. रिसर्च में पाया गया कि बिना किसी चेतावनी वाले ग्रुप में सिर्फ 39.1% लोग सभी हाई शुगर, नमक या फैट वाले प्रोडक्‍ट की सही पहचान कर पाए. वहीं लाल चेतावनी वाले लेबल देखने वाले समूह में यह आंकड़ा बढ़कर 60.8% हो गया.

भारत में लागू होने वाली व्‍यवस्‍था में पैकेट के सामने लाल रंग का हैक्‍सागोन बॉक्‍स होगा ज‍िसपर साफ शब्‍दों में ल‍िखा होगा ‘हाई शुगर’ या ‘हाई सॉल्‍ट’ या ‘हाई इन फैट’.

कंपन‍ियां भी होती हैं सतर्क
इस तरह की लेबल‍िंग का एक और बड़ा फायदा होता है. जब कंपनियों को पता होता है कि उनके उत्पाद पर ज्यादा चीनी, नमक या फैट होने की चेतावनी लगेगी, तो वे अपनी रेसिपी में बदलाव करने को मोट‍िवेट होते हैं. 2023 में प्रकाशित 39 अध्ययनों की एक व्यवस्थित समीक्षा में पाया गया कि स्पष्ट फ्रंट-ऑफ-पैक लेबलिंग से खाद्य कंपनियों को अपने उत्पादों में शुगर, सोडियम और कैलोरी कम करने के लिए प्रोत्साहन मिल सकता है. अगर ऐसे प्रोडक्‍ट्स की ब‍िक्री पर असर आता है तो वह अपने प्रोडक्‍ट्स में सुधार करने को मजबूर होते हैं.

असल में ये लेबल‍िंग बच्‍चों की सेहत से जुड़ा एक अहम बदलाव साबित हो सकती है. बच्‍चे और टीनेजर्स में पैकेज फूड का काफी चलन है पर अक्‍सर न्‍यूट्रि‍शनल ल‍िटरेसी यानी पोषण संबंधी जानकारी कम होने के चलते वह इसका खूब प्रयोग करते हैं. पर अगर च‍िप्‍स, चॉकलेट या नमकीन के चमकीली पैकेट्स पर सामने ही ये जानकारी होगी तो बच्‍चों को ऐसी हानीकारक चीजों के प्रयोग से बचाया जा सकता है. सुप्रीम कोर्ट का यह बेहद अहम फैसला है जिसका उद्देश्य खाद्य कंपनियों को जवाबदेह बनाना और ग्राहकों को ऐसी जानकारी देना है, जिसे समझने के लिए उन्हें न्‍यूट्रिशन एक्‍सपर्ट बनने की जरूरत न पड़े. लेकिन इसका असली फायदा तभी मिलेगा जब चेतावनी के साथ पोषण शिक्षा भी दी जाए और लोग अपनी खानपान की आदतों में बदलाव करें.

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X