Sirmour News:हमले से दहशत में पीड़ित परिवार, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग – Victim Family Left Terrified By The Attack; Demand Strict Action Against The Accused
24 नवंबर को तीन लोगों पर तलवारों और डंडों से हमले का है आरोप
पीड़ितों ने सुनाई आपबीती, बोले-जान से मारने की दी धमकी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहर में 24 नवंबर की रात गुरुपर्व मनाकर लौट रहे तीन लोगों पर तलवारों और डंडों से हमला करने के मामले में घायल गुरविंदर सिंह, गुरमीत सिंह और हरचरण सिंह ने पत्रकारवार्ता कर आपबीती बताई। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला किया और जान से मारने की धमकियां दीं। इससे उनके परिवार दहशत में हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने बताया कि उन पर तलवारों और डंडों से बुरी तरह हमला किया गया। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की कोशिश की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई है। गुरविंदर सिंह, गुरमीत सिंह और हरचरण सिंह ने बताया कि 24 नवंबर की रात गुरुद्वारा साहिब दिल्ली गेट में गुरुपर्व मनाने के बाद वे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रात को कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तलवारों और डंडों से उन पर वार किए। हमले से बचने के लिए जब उन्होंने हाथ आगे किए तो उनके हाथों और मुंह पर चोटें आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकियां भी दीं।
उन्होंने बताया कि इस घटना में पार्षद के पति सहित अन्य लोग भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि जब तलवार से वार किया तो उन्होंने बाजू आगे कर अपनी जान बचाने की कोशिश की। इस बीच बाजू में गहरा घाव है। वहीं एक व्यक्ति की आंख के पास गहरा जख्म है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले में कार्रवाई कर रही है। इससे वह संतुष्ट भी हैं, लेकिन हमले के बाद से वह व उनके परिवार के सदस्य डरे हुए हैं।
