रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार न्यूज:श्रीकृष्ण सेतु पर बराती बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत; पिता समेत कई घायल – Munger Shri Krishna Setu Bus Car Collision Btech Youth Killed Many Injured
मुंगेर

बिहार न्यूज:श्रीकृष्ण सेतु पर बराती बस और कार की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौत; पिता समेत कई घायल – Munger Shri Krishna Setu Bus Car Collision Btech Youth Killed Many Injured

November 27, 2026


बिहार के मुंगेर में श्रीकृष्ण सेतु के समीप शुक्रवार सुबह बरातियों से भरी बस और टाटा नेक्सॉन कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार चला रहे वैशाली जिले के आकाश कुमार (युवक) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता और अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में बस में सवार आधा दर्जन से अधिक बराती भी चोटिल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों को परिजन बेहतर इलाज के लिए खगड़िया ले गए।

पुल के पास आमने-सामने भिड़े दोनों वाहन

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण सेतु के पास बरात से लौट रही बस और सामने से आ रही टाटा नेक्सॉन कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार कई बराती घायल हो गए। हादसे के दौरान बस में सवार सचिन कुमार पुल के नीचे गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घायलों में मिथुन कुमार, मनीष कुमार, कारी साव, सचिन कुमार और रुदल कुमार सहित अन्य लोग शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की डायल 112 टीम पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मृतक और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

शादी समारोह से लौट रही थी करीब 40 बरातियों से भरी बस

बताया गया कि खगड़िया जिले के विष्णुपुर घोसवरी निवासी कालीचरण के बेटे सोनू चौधरी की शादी मुंगेर जिले के बहाचौकी निवासी ललन चौधरी की बेटी से तय हुई थी। गुरुवार को विष्णुपुर घोसवरी से बरात बहाचौकी पहुंची थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद शुक्रवार सुबह करीब 40 बराती बस से वापस खगड़िया लौट रहे थे। इसी दौरान श्रीकृष्ण सेतु के पास बस की कार से टक्कर हो गई।

कोर्ट में तारीख पर जा रहे थे पिता-पुत्र

मृतक आकाश कुमार के पिता और अधिवक्ता अमरेंद्र कुमार ने बताया कि वे शुक्रवार सुबह करीब चार बजे अपने छोटे बेटे आकाश के साथ निजी कार से भागलपुर जा रहे थे। भागलपुर न्यायालय में एक मुकदमे की तारीख थी। कार आकाश चला रहा था। इसी दौरान श्रीकृष्ण सेतु के पास सामने से आ रही बराती बस से उनकी कार की टक्कर हो गई।

अमरेंद्र कुमार के अनुसार, आकाश ने बीटेक की पढ़ाई पूरी कर ली थी और वह उनका छोटा बेटा था। हादसे में आकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमरेंद्र कुमार घायल हो गए।

सदर अस्पताल में घायलों का इलाज, स्थिति ठीक

सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि श्रीकृष्ण सेतु के पास दो वाहनों की टक्कर में कई लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल लाकर उपचार किया गया। फिलहाल घायलों की स्थिति ठीक है। हादसे में वैशाली जिले के एक युवक की मौत हुई है।

इधर, मुफस्सिल थाना पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। घायल अमरेंद्र कुमार का पुलिस की निगरानी में इलाज कराया जा रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X