रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
गजब:जन औषधि केंद्र में 14 रुपये की दवा बाहर 32 रुपये में, जिला अस्पताल के आसपास दवाओं के दामों में बड़ा खेल – Medicine Worth Rs 14 Is Available At Jan Aushadhi Centre For Rs 32 Outside In Bageshwar
बागेश्वर

गजब:जन औषधि केंद्र में 14 रुपये की दवा बाहर 32 रुपये में, जिला अस्पताल के आसपास दवाओं के दामों में बड़ा खेल – Medicine Worth Rs 14 Is Available At Jan Aushadhi Centre For Rs 32 Outside In Bageshwar

November 27, 2026


आम जनता को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने के सरकारी दावों के बीच जिला अस्पताल के आसपास दवाओं के दामों में बड़ा खेल सामने आया है। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने जिला अस्पताल परिसर स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र सहित आसपास की चार दवा दुकानों से बुखार में सर्वाधिक इस्तेमाल होने वाली पैरासिटामोल 650 एमजी (पीसीएम) की पड़ताल की। सामने आया कि जो दवा जन औषधि केंद्र में महज 14 रुपये में उपलब्ध है, वही बाहर की दुकानों में अलग-अलग कंपनियों के नाम पर 22 से 32 रुपये तक बेची जा रही है।

पड़ताल के दौरान टीम ने चारों दुकानों से पीसीएम 650 एमजी खरीदी और पक्का बिल मांगा। बिल मांगने पर पहले तो कई दुकानदा हिचकिचाए लेकिन जोर देने पर बिल उपलब्ध कराया गया। दामों में इस अंतर से साफ है कि एक ही सॉल्ट की दवा को अलग-अलग ब्रांड के नाम पर दोगुने से भी अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है।

अधिकतर मामलों में चिकित्सक जन औषधि केंद्र की सस्ती दवाएं लिखने से परहेज करते हैं जिससे मजबूरन मरीजों को बाहर की दुकानों से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। इस पूरी पड़ताल में एक बड़ी प्रशासनिक लापरवाही भी उजागर हुई।

जिला अस्पताल बागेश्वर परिसर में संचालित पीएम जन औषधि केंद्र से टीम को जो बिल दिया गया, उस पर जिला अस्पताल रानीखेत का नाम दर्ज था। यह स्थिति केंद्र के संचालन और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।

50 प्रतिशत से अधिक दवाएं बाहर से खरीदने के लिए मरीज मजबूर

जिला अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को निशुल्क और सस्ती दवाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि मरीजों को करीब 50 प्रतिशत से अधिक दवाएं बाहर के निजी मेडिकल स्टोरों से खरीदनी पड़ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले गरीब मरीजों पर इससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

जन औषधि केंद्र से जारी बिल में रानीखेत का नाम अंकित होने की खामी के संबंध में केंद्र संचालक से वार्ता की गई है। संचालक ने बताया कि तकनीकी त्रुटि से गलती से रानीखेत वाला बिल कट गया था जिसे तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। जहां तक दवाओं के दामों का प्रश्न है, उनका निर्धारण जिला स्तर से नहीं होता है। -पूजा रानी, औषधि निरीक्षक, बागेश्वर

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X