Sant Kabir Nagar News:50 करोड़ रुपये की परियोजनाएं जमीन नहीं मिलने से अटकीं – Projects Worth Rs 50 Crore Stalled Due To Unavailability Of Land
संतकबीरनगर। शहर को स्मार्ट सिटी बनाने की पहल परवान नहीं चढ़ प रही है। वजह यह है कि इन परियोजनाओं के पूरे होने में जमीन का पेंच फंसा हुआ है। इसके चलते करीब 50 करोड़ की परियोजनाएं धरातल पर नहीं उतर सकी हैं। इसमें प्रेक्षागृह, मल्टीप्लेक्स और स्मार्ट पार्किंग का निर्माण शामिल है।
इसके लिए शासन की मंजूरी भी मिल चुकी है लेकिन जमीन के अभाव में कार्य शुरू नहीं हो सका है। इससे शहरवासियों का ख्वाब टूट रहा है।
विदित हो कि जिले का सृजन वर्ष 1997 में हुआ। इसके साथ ही एक अक्तूबर 2020 को नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के आसपास की 19 ग्राम पंचायतों को नगर पालिका में शामिल कर लिया गया।
वर्तमान में नगर पालिका परिषद खलीलाबाद की आबादी करीब एक लाख से ऊपर पहुंच गई है लेकिन शहर में कहीं पर भी मल्टीप्लेक्स, स्मार्ट पार्किंग व प्रेक्षागृह की व्यवस्था नहीं हो पाई है।
इस समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने शहर की पुरानी तहसील परिसर में मल्टीप्लेक्स, स्मार्ट पार्किंग व सभागार के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा, जिसे मंजूरी मिलने के साथ ही बजट भी उपलब्ध कराया गया है। साथ ही कार्यदायी संस्था के रूप में सीएनडीएस को निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इन परियोजनाओं का शिलान्यास पिछले साल मई में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तामेश्वरनाथधाम के दौरे के समय किया लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
बताया जा रहा है कि पुरानी तहसील परिसर की जमीन राजस्व विभाग के नाम से दर्ज है।
मल्टीप्लेक्स, स्मार्ट पार्किंग व सभागार के निर्माण के लिए इस जमीन का हस्तांतरण कराया जाना है। इसके लिए प्रशासन ने शासन को फाइल भेजी थी लेकिन शासन से यह कहते हुए फाइल वापस कर दी गई कि फाइल कमिश्नर स्तर से भेजी जाए। इसके बाद नए सिरे से जमीन के हस्तांतरण को लेकर फाइल कमिश्नर को भेजी गई है। जहां फाइल शासन को भेजी जा चुकी है लेकिन अब तक जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।
जमीन के हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी न होने से परियोजनाओं का कार्य शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में शहरवासियों को इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
